4 August 2026 Fact Recorder
National Desk: बिहार के क्रिकेट प्रेमियों का लंबे समय से इंतजार अब खत्म होने वाला है। नालंदा जिले के राजगीर में बन रहा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम दिसंबर 2026 से क्रिकेट मुकाबलों की मेजबानी के लिए तैयार हो जाएगा। इसके साथ ही राज्य के दर्शकों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के मैच अपने ही प्रदेश में देखने का अवसर मिलेगा।
खेल विभाग ने स्टेडियम का निर्माण कार्य हर हाल में दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा है। निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है और विभिन्न सुविधाओं को तेजी से अंतिम रूप दिया जा रहा है।
40 हजार दर्शकों की क्षमता
स्टेडियम का सबसे बड़ा आकर्षण इसकी 40 हजार दर्शकों की क्षमता वाली भव्य मुख्य पवेलियन है, जिसका निर्माण पूरा हो चुका है। वहीं अन्य तीन दर्शक स्टैंड पर तेजी से काम चल रहा है। अधिकारियों ने निर्माण एजेंसियों को तय समय सीमा के भीतर सभी कार्य पूरे करने के निर्देश दिए हैं।
दिसंबर में होगा पहला मुकाबला
बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि राजगीर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम राज्य के खेल विकास की नई पहचान बनेगा। उनके अनुसार, दिसंबर से यहां होने वाले मुकाबले यह संदेश देंगे कि बिहार अब खेल प्रतिभाओं के साथ-साथ विश्वस्तरीय खेल अवसंरचना के क्षेत्र में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि इस स्टेडियम के शुरू होने से राज्य के खिलाड़ियों को अपने घर में ही बेहतर प्रशिक्षण और बड़े स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
विश्वस्तरीय सुविधाओं से होगा लैस
करीब 90 एकड़ क्षेत्र में विकसित हो रहे इस स्टेडियम का निर्माण लगभग 633 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। इसमें अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप आधुनिक फ्लडलाइट, हाई-टेक इलेक्ट्रॉनिक स्कोरबोर्ड, कॉरपोरेट बॉक्स, वीआईपी गैलरी, मीडिया सेंटर, अत्याधुनिक ड्रेसिंग रूम, अभ्यास पिचें और उन्नत ड्रेनेज सिस्टम जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
मुख्य विकेट के लिए विशेष लाल मिट्टी तथा अभ्यास पिचों के लिए काली मिट्टी का उपयोग किया गया है, ताकि खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल परिस्थितियां मिल सकें।
खिलाड़ियों और खेल पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
स्टेडियम के तैयार होने के बाद बिहार को पहली बार विश्वस्तरीय क्रिकेट अवसंरचना मिलेगी। इससे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मुकाबलों के आयोजन का रास्ता खुलेगा। साथ ही राज्य के खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण, स्थानीय युवाओं को रोजगार और खेल पर्यटन को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
राजगीर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में क्रिकेट के अलावा हॉकी, एथलेटिक्स, तैराकी, शूटिंग, कबड्डी और कुश्ती सहित कई अन्य खेलों के लिए भी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा चुकी हैं, जिससे यह परिसर बिहार के प्रमुख खेल केंद्र के रूप में उभर रहा है।













