Home Haryana कालका में नगर परिषद के जेई पर कुल्हाड़ी से हमला करने का...

कालका में नगर परिषद के जेई पर कुल्हाड़ी से हमला करने का प्रयास, आरोपी पर FIR दर्ज

1 August 2026 Fact Recorder

Haryana Desk: हरियाणा के कालका में नगर परिषद के एक जूनियर इंजीनियर (जेई) पर निरीक्षण के दौरान कथित तौर पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला करने की कोशिश का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, नगर परिषद कालका के वार्ड नंबर-12 स्थित विश्वकर्मा मोहल्ले में एनएच-कालका-शिमला हाईवे के किनारे बन रही एक इमारत का निरीक्षण करने पहुंचे जेई ललित कुमार ने निर्माण का स्वीकृत नक्शा मांगा। मौके पर नक्शा उपलब्ध नहीं होने पर उन्होंने निर्माण कार्य रुकवाने का प्रयास किया।

इसी दौरान वहां मौजूद गुरमुख नामक व्यक्ति ने जेई से बहस शुरू कर दी। आरोप है कि उसने सरकारी अधिकारी के साथ गाली-गलौज और मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी भी दी। शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने कहा कि उसके खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं और उसे एक और मामला दर्ज होने से कोई फर्क नहीं पड़ता।

आरोप है कि जब जेई ने मजदूरों को अवैध निर्माण रोकने के निर्देश दिए तो गुरमुख अपने फूड ट्रक से कुल्हाड़ी लेकर आया और उन पर हमला करने का प्रयास किया। पहला वार खाली जाने के बाद उसने दोबारा हमला करने की कोशिश की, लेकिन वहां मौजूद मजदूरों ने बीच-बचाव कर जेई को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

घटना के बाद जेई ललित कुमार ने थाना पिंजौर में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी गुरमुख के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, मारपीट, जान से मारने की धमकी और अन्य संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।