Home Chandigarh अमृतपाल सिंह और बंदी सिखों की रिहाई को लेकर चंडीगढ़ कूच, ‘वारिस...

अमृतपाल सिंह और बंदी सिखों की रिहाई को लेकर चंडीगढ़ कूच, ‘वारिस पंजाब दे’ का विशाल मार्च शुरू

29 July 2026 Fact Recorder

Chandigarh Desk: ‘वारिस पंजाब दे’ संगठन के प्रमुख भाई अमृतपाल सिंह और देश की विभिन्न जेलों में बंद बंदी सिखों की रिहाई की मांग को लेकर बुधवार को चंडीगढ़ की ओर विशाल शांतिपूर्ण मार्च शुरू हुआ। पंजाब के अलग-अलग जिलों से पहुंचे हजारों समर्थक पहले मोहाली स्थित गुरुद्वारा अंब साहिब में एकत्र हुए और वहां से पंजाब के मुख्यमंत्री के आवास की ओर रवाना हुए।

मार्च से पहले संगठन के नेता मनप्रीत सिंह इयाली ने लोगों से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगा और सभी प्रतिभागी कानून-व्यवस्था बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की हिंसा से दूर रहें। उन्होंने बताया कि केवल दाखा और आसपास के क्षेत्रों से ही करीब 500 वाहनों का काफिला इस मार्च में शामिल होने के लिए रवाना हुआ।

मार्च को देखते हुए चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस ने विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। सुबह 9:30 बजे से चंडीगढ़-मोहाली सीमा, सेक्टर-43 आईएसबीटी और आसपास के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात डायवर्ट किया गया है।

पुलिस के अनुसार, यूटी-मोहाली बॉर्डर से सेक्टर 50/51 चौक, गौशाला चौक, सेक्टर 44/45 और सेक्टर 45/46 लाइट प्वाइंट सहित कई मार्गों पर यातायात प्रभावित रहेगा। बसों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।

चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे प्रभावित मार्गों से बचें, वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें और ताजा ट्रैफिक अपडेट के लिए पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर नजर बनाए रखें।