Home Hindi संसद मानसून सत्र: राम मंदिर ट्रस्ट पर चर्चा की मांग, कांग्रेस ने...

संसद मानसून सत्र: राम मंदिर ट्रस्ट पर चर्चा की मांग, कांग्रेस ने राज्यसभा में नियम 267 के तहत दिए दो नोटिस

29 July 2026 Fact Recorder

National Desk:  संसद के मानसून सत्र के दौरान कांग्रेस ने बुधवार को राज्यसभा में नियम 267 के तहत दो अलग-अलग नोटिस देकर श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कामकाज, वित्तीय प्रबंधन और कथित अनियमितताओं पर तत्काल चर्चा कराने की मांग की है।

कांग्रेस सांसद सैयद नासिर हुसैन ने ट्रस्ट के खातों और कार्यप्रणाली का व्यापक एवं स्वतंत्र ऑडिट कराने की मांग की। उन्होंने सरकार से ट्रस्ट पर लागू निगरानी व्यवस्था, नियामकीय रिपोर्टिंग और सार्वजनिक जानकारी साझा करने की मौजूदा व्यवस्था स्पष्ट करने की अपील की।

वहीं, कांग्रेस सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने अलग नोटिस देकर ट्रस्ट में कथित वित्तीय अनियमितताओं पर सदन में चर्चा कराने और जवाबदेही तय करने की मांग की। उन्होंने कहा कि करोड़ों श्रद्धालुओं ने राम मंदिर निर्माण के लिए योगदान दिया है, इसलिए ट्रस्ट के कामकाज में पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी चाहिए।

सुरजेवाला ने आरोप लगाया कि दान और मंदिर निर्माण से जुड़ी कथित अनियमितताओं की खबरों से श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हुई हैं। दोनों नोटिस राज्यसभा के नियम 267 के तहत दिए गए हैं, जिसके माध्यम से महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा के लिए सदन का निर्धारित कार्य स्थगित करने की मांग की जाती है।