Home Hindi 2027 मिशन के लिए AAP की बड़ी तैयारी, पंजाब में नए विधानसभा...

2027 मिशन के लिए AAP की बड़ी तैयारी, पंजाब में नए विधानसभा प्रभारी नियुक्त करने शुरू

29 July 2026 Fact Recorder

Politics Desk:  पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को देखते हुए आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने उन विधानसभा क्षेत्रों में नए हलका (विधानसभा) प्रभारी नियुक्त करने शुरू कर दिए हैं, जहां मौजूदा विधायकों को बदले जाने की संभावना जताई जा रही है।

सूत्रों के अनुसार, पार्टी नेतृत्व ने संभावित उम्मीदवारों की पहचान और नए चेहरों को चुनाव मैदान में उतारने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। इस संबंध में मंगलवार शाम दिल्ली में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की बैठक हुई, जिसमें पंजाब की चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

बताया जा रहा है कि पार्टी ने पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों से बहुस्तरीय फीडबैक जुटाई है। इसी के आधार पर आगामी फैसले लिए जाएंगे। हर विधानसभा क्षेत्र में छह-छह सेक्टर प्रभारी तैनात किए गए हैं, जो सरकारी योजनाओं और पार्टी के कामकाज को लेकर मतदाताओं से नियमित फीडबैक ले रहे हैं। यह रिपोर्ट संबंधित विधायक या विधानसभा प्रभारी तक पहुंचाई जा रही है।

हालांकि पार्टी बड़ी संख्या में मौजूदा विधायकों पर ही भरोसा जताने की तैयारी में है, लेकिन कुछ सीटों पर उम्मीदवार बदलने की प्रक्रिया भी चुपचाप शुरू हो चुकी है। जिन क्षेत्रों में विधायकों की कार्यशैली या पार्टी अनुशासन को लेकर सवाल उठे हैं, वहां नए हलका प्रभारी नियुक्त कर संगठन को मजबूत किया जा रहा है।

हाल ही में बठिंडा देहात से पूर्व पीसीएस अधिकारी गोपाल सिंह को हलका प्रभारी बनाया गया है। इसके अलावा पट्टी से जसकंवल सिंह गिल (जस्सा पट्टी), फतेहगढ़ चूड़ियां से हरजोबनजीत सिंह रंधावा और जालंधर दक्षिण से वनीत धीर को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।

बठिंडा शहरी सीट पर भी नए नेतृत्व को आगे बढ़ाने की कोशिश की जा रही है। वहीं कादियां, समाना, डेराबस्सी, सनौर, मानसा और लंबी सहित कई विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी समानांतर संगठनात्मक ढांचा तैयार कर रही है। हालांकि अभी तक किसी मौजूदा विधायक का टिकट काटने को लेकर आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

कांग्रेस, भाजपा और बसपा के कब्जे वाली सीटों पर भी आम आदमी पार्टी अपना संगठन मजबूत करने में जुटी है। सुजानपुर, फिल्लौर, फगवाड़ा, फतेहगढ़ चूड़ियां, जालंधर उत्तर, नवांशहर और मुकेरियां समेत कई विधानसभा क्षेत्रों में पहले ही नए हलका प्रभारी नियुक्त किए जा चुके हैं।

पंजाब AAP के प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने कहा कि पार्टी ने जमीनी स्तर पर अपना संगठन मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और राज्य सरकार के प्रदर्शन के दम पर पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव में मजबूती से उतरेगी और “मिशन पंजाब 2027” को सफल बनाएगी।