Home Chandigarh चंडीगढ़ और मोहाली में सुबह से मूसलाधार बारिश, सड़कों पर जलभराव; मौसम...

चंडीगढ़ और मोहाली में सुबह से मूसलाधार बारिश, सड़कों पर जलभराव; मौसम विभाग का 28-29 जुलाई के लिए ऑरेंज अलर्ट

28 July 2026 Fact Recorder

Chandigarh Desk:  पंजाब की राजधानी चंडीगढ़ और उससे सटे मोहाली में मंगलवार सुबह से लगातार भारी बारिश हो रही है। मानसून एक बार फिर सक्रिय होने से पूरे क्षेत्र में तेज बारिश का दौर जारी है। वहीं, पंजाब के पुआध क्षेत्र के कई अन्य शहरों से भी बारिश की खबरें सामने आई हैं। लगातार हो रही बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है, लेकिन कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हो गया है।

मौसम विभाग ने 28 और 29 जुलाई को चंडीगढ़, मोहाली और आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग ने लोगों को आवश्यक सावधानी बरतने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।

सुबह करीब 6:30 बजे से शुरू हुई बारिश के कारण शहर की कई प्रमुख सड़कों पर जलभराव हो गया। पानी भरने से वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर लंबा ट्रैफिक जाम भी देखने को मिला, जिससे लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में देरी हुई।

प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है और जलभराव वाले क्षेत्रों से पानी निकालने के लिए संबंधित विभागों की टीमें सक्रिय हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक रुक-रुक कर तेज बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।