Home Hindi पंजाब के किसानों का दिल्ली मार्च फिलहाल स्थगित, सरकार के आश्वासन के...

पंजाब के किसानों का दिल्ली मार्च फिलहाल स्थगित, सरकार के आश्वासन के बाद बनी सहमति

चंडीगढ़, 21 जुलाई 2026 Fact Recorder

National Desk:  अमेरिका-भारत ट्रेड डील के विरोध में मंगलवार को प्रस्तावित पंजाब के किसानों का दिल्ली मार्च फिलहाल स्थगित कर दिया गया। हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा और किसान नेताओं के बीच हुई बैठक में प्रमुख मांगों पर सकारात्मक आश्वासन मिलने के बाद किसानों ने शंभू बॉर्डर से वापस लौटने का फैसला किया।

किसान नेता सरवन सिंह पंधेर की अगुवाई में हुए प्रतिनिधिमंडल ने हरियाणा सरकार के साथ बैठक की। बैठक के बाद पंधेर ने बताया कि सरकार ने अमेरिका-भारत ट्रेड डील के मुद्दे पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ किसानों की बैठक कराने का भरोसा दिया है। साथ ही आंदोलन के दौरान गिरफ्तार किए गए किसान नेताओं, जिनमें हरियाणा के किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी भी शामिल हैं, की रिहाई की मांग पर भी सहमति बनी है।

किसान नेता दिलबाग सिंह दिराजके ने कहा कि दोनों प्रमुख मांगों पर सरकार के सकारात्मक रुख के बाद फिलहाल विरोध प्रदर्शन स्थगित करने का निर्णय लिया गया है। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि आगे की रणनीति किसान संगठनों से चर्चा के बाद तय की जाएगी।

मंगलवार सुबह बड़ी संख्या में किसान पटियाला-अंबाला के बीच स्थित शंभू बॉर्डर और संगरूर-जिंद के बीच खानौरी बॉर्डर पर दिल्ली के किसान घाट की ओर कूच करने के लिए पहुंचे थे। किसानों के पहुंचने से पहले ही हरियाणा पुलिस ने दोनों सीमाओं पर बैरिकेडिंग कर उन्हें सील कर दिया था। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल और जेसीबी मशीनें भी तैनात की गई थीं।

सीमा पर रोक लगाए जाने के बाद किसान वहीं धरने पर बैठ गए थे और स्थायी प्रदर्शन की तैयारी भी शुरू कर दी गई थी। बढ़ती भीड़ को देखते हुए अंबाला प्रशासन ने क्षेत्र में धारा 163 लागू कर दी तथा किसानों को बैरिकेडिंग से 100 मीटर दूर रहने की चेतावनी दी।

किसानों के प्रदर्शन के कारण कुछ समय के लिए दिल्ली-जालंधर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-44) पर यातायात प्रभावित रहा। हालांकि किसानों के वापस लौटने के बाद प्रशासन ने हाईवे को जल्द सामान्य रूप से खोलने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

गौरतलब है कि किसान आंदोलन के दौरान शंभू बॉर्डर 13 फरवरी 2024 से करीब 13 महीने तक बंद रहा था और पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के आदेश के बाद 20 मार्च 2025 को इसे दोबारा खोला गया था।