16 July 2026 Fact Recorder
Himachal Desk: हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी में जल्द ही संगठन का विस्तार किया जाएगा। पार्टी हाईकमान ने नए पदाधिकारियों की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। इसके बाद प्रदेश कांग्रेस में सचिवों, प्रवक्ताओं और अन्य महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्तियों की प्रक्रिया जल्द शुरू होने की संभावना है।
दिल्ली में आयोजित बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल और हिमाचल मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल के साथ संगठन विस्तार को लेकर विस्तार से चर्चा की। इस बैठक में प्रदेश कांग्रेस के संगठन महासचिव विनोद जिंटा भी मौजूद रहे।
जल्द जारी होगी अधिसूचना
सूत्रों के अनुसार, संगठन विस्तार में क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन का विशेष ध्यान रखा जाएगा। इसके अलावा पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को भी संगठन में नई जिम्मेदारियां सौंपी जा सकती हैं। हाईकमान से मंजूरी मिलने के बाद अब नियुक्तियों की अधिसूचना का इंतजार है, जो जल्द जारी की जा सकती है।
जमीनी नेताओं को मिलेगा प्रतिनिधित्व
बैठक के दौरान प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार ने यह भी सुझाव दिया कि लंबे समय से संगठन में सक्रिय रूप से काम कर रहे नेताओं को सरकार या संगठन में उचित जिम्मेदारी दी जाए। साथ ही जिन विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस का विधायक नहीं है, वहां भी पार्टी को मजबूत करने के लिए प्रतिनिधित्व देने पर जोर दिया गया।
संगठन को मजबूत करने पर जोर
बैठक में जिला और ब्लॉक स्तर पर चल रहे संगठनात्मक कार्यक्रमों की भी समीक्षा की गई। प्रदेश नेतृत्व ने हाईकमान को बताया कि पार्टी जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और संगठन को मजबूत बनाने के लिए लगातार अभियान चला रही है। कांग्रेस नेतृत्व का कहना है कि आगामी राजनीतिक चुनौतियों को देखते हुए संगठन को और अधिक मजबूत और सक्रिय बनाया जाएगा।













