– पुलिस टीमों ने 515 व्यक्तियों के खिलाफ की एहतियातन कार्रवाई
– लोग एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 के द्वारा गुप्त रूप से गैंगस्टरों की कर सकते हैं रिपोर्ट
– युद्ध नशियां विरूद्ध के 500वें दिन 30.5 किलो हेरोइन सहित 86 नशा तस्कर गिरफ्तार
चंडीगढ़, 15 जुलाई 2026 Fact Recorder
Punjab Desk: प्रदेश में चल रहे अभियान ‘गैंगस्टरां ते वार’ के 175वें दिन पंजाब पुलिस ने आज राज्य भर में गैंगस्टरों के साथियों द्वारा पहचाने गए और मैप किए गए 897 ठिकानों पर छापेमारी की।
उल्लेखनीय है कि ‘गैंगस्टरां ते वार’ – पंजाब को गैंगस्टर मुक्त राज्य बनाने के लिए निर्णायक जंग, जो 20 जनवरी, 2026 को पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव द्वारा शुरू की गई थी। एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) पंजाब के समन्वय से सभी जिलों की पुलिस टीमें राज्य भर में विशेष अभियान चला रही हैं।
175वें दिन पुलिस टीमों ने 6 हथियारों सहित 515 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है, जिससे अभियान की शुरुआत के बाद कुल गिरफ्तारियाँ 48,755 हो गई हैं।
इसके अलावा 515 व्यक्तियों के खिलाफ एहतियातन कार्रवाई की गई है। पुलिस टीमों ने कार्रवाई के दौरान 22 भगोड़े अपराधियों को भी गिरफ्तार किया है।
लोग एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 के द्वारा वांछित अपराधियों और गैंगस्टरों की गुप्त रूप से रिपोर्ट कर सकते हैं तथा अपराध और आपराधिक गतिविधियों के बारे में सूचना भी दे सकते हैं।
इस दौरान, पुलिस टीमों ने नशों के खिलाफ अपने अभियान ‘युद्ध नशियां विरूद्ध’ को 500वें दिन भी जारी रखते हुए, आज 86 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से 30.5 किलो हेरोइन, 110 नशीली गोलियाँ और 2220 रुपए की ड्रग मनी बरामद की गई। इसके साथ ही केवल 500 दिनों में गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या 73,687 हो गई है। नशा मुक्ति अभियान के हिस्से के रूप में, पंजाब पुलिस ने आज 7 व्यक्तियों को नशा मुक्ति एवं पुनर्वास उपचार कराने के लिए राजी किया है।













