Home Himachal एनकॉर्ड समिति की बैठक में नशा तस्करी पर प्रभावी कार्रवाई और समन्वय...

एनकॉर्ड समिति की बैठक में नशा तस्करी पर प्रभावी कार्रवाई और समन्वय पर बल

नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों पर युवाओं को करें जागरूक- अपूर्व देवगन

मंडी, 6 जुलाई 2026 Fact Recorder

Himachal Desk:  उपायुक्त अपूर्व देवगन की अध्यक्षता में जिला स्तरीय नारकोटिक्स समन्वय केंद्र (एनकॉर्ड) समिति की बैठक सोमवार को उपायुक्त कार्यालय के वीसी कक्ष में आयोजित की गई। बैठक में जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान, एनडीपीएस अधिनियम के तहत की गई कार्रवाई तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने सभी विभागों से आपसी समन्वय से नशे के खिलाफ अभियान को और प्रभावी बनाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि नशा तस्करी और अवैध मादक पदार्थों की खेती पर अंकुश लगाने के लिए संयुक्त प्रयास जारी रहेंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपना विद्यालय योजना के तहत गोद लिये गए स्कूलों में अपनी विजिट्स बढ़ाएं तथा छात्रों को पढ़ाई के टिप्स के साथ साथ नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति भी जागरूक करें।
उन्होंने कहा कि पुलिस, स्वास्थ्य तथा समाज कल्याण विभाग नगर निगम, नगर निकायों तथा ग्राम पंचायतों की आम बैठकों में भी प्रदेश सरकार के एंटी चिट्टा अभियान से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी दें व ड्रग्स फ्री हिमाचल ऐप डाउनलोड लोड करवाएं। उन्होंने अति संवेदनशील पंचायतों पर विशेष ध्यान देने तथा शैक्षणिक संस्थानों और पंचायत स्तर पर खेल गतिविधियां जारी रखने पर भी बल दिया।
बैठक में “भांग उखाड़ो अभियान” के प्रभावी संचालन पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जिले में अवैध भांग एवं अफीम की खेती की पहचान कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा जनजागरूकता के माध्यम से समाज को नशा मुक्त बनाने के प्रयास तेज किए जाएं।
बैठक में बताया गया कि जिला पुलिस ने 1 जनवरी से 30 जून, 2026 तक एनडीपीएस अधिनियम के तहत 177 मामले दर्ज किए हैं तथा 261 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 249 पुरुष, 12 महिलाएं शामिल हैं। इस अवधि में अफीम के 04,  चिट्टा/हेरोइन के 59, चरस के 93, एमडीएमए के 08 एवं अन्य मादक पदार्थों तथा  अवैध पोस्त/भांग की खेती से जुड़े 13 मामले दर्ज किए गए।
बैठक में वित्तीय जांच की प्रगति की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि 04 मामलों में आरोपियों की संपत्ति कुर्क की जा चुकी है। वहीं, पीआईटी एनडीपीएस अधिनियम के तहत अब तक 33 मामले सलाहकार बोर्ड को भेजे गए हैं तथा वर्ष 2026 में अब तक 04 आरोपियों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई के आदेश जारी किए गए हैं। इसके अतिरिक्त पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों की अनुपालना की समीक्षा की गई और विभिन्न विभागों द्वारा विद्यालयों एवं अन्य संस्थानों में जागरूकता गतिविधियों तथा संदिग्ध नशीली गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को उपलब्ध करवाने संबंधी निर्देशों पर हुई प्रगति का भी आकलन किया गया।
बैठक में  पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, नगर निगम मंडी के आयुक्त रोहित राठौर सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।