4 JUly 2026 Fact Recorder
Sports Desk: भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले से पहले इंग्लैंड ने अपनी प्लेइंग इलेवन में बड़ा बदलाव किया है। मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में खेले जाने वाले मुकाबले के लिए टीम ने तेज गेंदबाज साकिब महमूद को बाहर कर उनकी जगह जोफ्रा आर्चर को अंतिम एकादश में शामिल किया है।
साकिब महमूद ने पहले टी20 मुकाबले में भारत के खिलाफ शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन महत्वपूर्ण विकेट लिए थे। उन्होंने संजू सैमसन, तिलक वर्मा और श्रेयस अय्यर को आउट कर भारतीय बल्लेबाजी पर दबाव बनाया था। इसके बावजूद इंग्लैंड ने दूसरे मैच के लिए उन्हें आराम देने का फैसला किया है।
उनकी जगह लौटे जोफ्रा आर्चर पहले मुकाबले में नहीं खेले थे। दूसरे टी20 से पहले उन्होंने मैनचेस्टर में जमकर अभ्यास किया और खासतौर पर यॉर्कर गेंदबाजी पर फोकस किया।
इंग्लैंड की प्लेइंग इलेवन:
फिल सॉल्ट, जॉस बटलर, हैरी ब्रूक, जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, सैम करन, विल जैक्स, लियाम डॉसन, जोफ्रा आर्चर, आदिल रशीद और जोश टंग।
वहीं भारतीय टीम में भी एक बदलाव की संभावना जताई जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, संजू सैमसन को आराम देकर युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को डेब्यू का मौका मिल सकता है। यदि ऐसा होता है तो वह भारत के लिए सबसे कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण करने वाले खिलाड़ियों में शामिल हो जाएंगे।













