02 July 2026 Fact Recorder
National Desk: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े एक अंतरराज्यीय आतंकी और हथियार नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, ये आरोपी दिल्ली-एनसीआर में आतंकी गतिविधियों और गोलीबारी की घटनाओं को अंजाम देने की साजिश रच रहे थे।
पंजाब और दिल्ली से हुई गिरफ्तारी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शुभदीप सिंह, गुरजंट सिंह, साजन सिंह और गगनप्रीत के रूप में हुई है। इनमें तीन आरोपी पंजाब के रहने वाले हैं, जबकि एक को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी पाकिस्तान स्थित ISI हैंडलर शाहजाद भट्टी और उसके सहयोगियों के निर्देश पर काम कर रहे थे। अपनी पहचान छिपाने के लिए वे विदेशी मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल कर रहे थे, जो उन्हें पाकिस्तानी हैंडलरों की ओर से उपलब्ध कराए गए थे।
हथियार और मोबाइल फोन बरामद
स्पेशल सेल ने आरोपियों के कब्जे से:
- दो विदेशी पिस्तौल
- नौ जिंदा कारतूस
- पांच मोबाइल फोन
बरामद किए हैं। पुलिस इन मोबाइल फोन से मिले डिजिटल सबूतों की भी जांच कर रही है।
दिल्ली में पुलिस प्रतिष्ठानों और धार्मिक स्थलों की हो रही थी रेकी
जांच में सामने आया है कि आरोपी गगनप्रीत को दिल्ली में पुलिस प्रतिष्ठानों, पुलिस पिकेट और धार्मिक स्थलों की रेकी करने की जिम्मेदारी दी गई थी। उसे इन स्थानों की वीडियो बनाकर पाकिस्तान स्थित हैंडलरों तक पहुंचाने के निर्देश भी मिले थे।
इसके अलावा उसे दिल्ली में गोलीबारी की घटना को अंजाम देने का भी टास्क दिया गया था।
ऐसे हुआ पूरे नेटवर्क का खुलासा
स्पेशल सेल को खुफिया इनपुट मिला था कि पाकिस्तान स्थित ISI हैंडलर शाहजाद भट्टी दिल्ली-एनसीआर में आतंकी वारदात की योजना बना रहा है और इसके लिए पंजाब के युवाओं की भर्ती की गई है।
सूचना के आधार पर तकनीकी निगरानी और खुफिया विश्लेषण किया गया, जिसके बाद दिल्ली और पंजाब में एक साथ कई स्थानों पर छापेमारी की गई।
ड्रोन से हथियार और नशा मिलने का खुलासा
सबसे पहले अमृतसर से शुभदीप सिंह को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से एक पिस्तौल, पांच कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद हुए।
पूछताछ में उसने खुलासा किया कि सीमा पार से ड्रोन के जरिए हथियार और नशीले पदार्थ प्राप्त किए जाते थे। इसके बाद उसकी निशानदेही पर गुरजंट सिंह और साजन सिंह को भी पंजाब से गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से एक जिगाना पिस्तौल, चार कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए।
बाद में 24 अप्रैल 2026 को गगनप्रीत को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया। उसके मोबाइल फोन से कई आपत्तिजनक डिजिटल साक्ष्य मिलने का दावा पुलिस ने किया है।
जांच जारी
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल अब इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों, पाकिस्तान स्थित हैंडलरों से संपर्क के तरीकों, फंडिंग, ड्रोन सप्लाई चेन और संभावित स्थानीय सहयोगियों की भूमिका की जांच कर रही है। एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि इस मॉड्यूल का संबंध किसी बड़े आतंकी नेटवर्क से तो नहीं है।













