Punjab 29 June 2026 Fact Recorder
Punjab Desk : पंजाब सरकार की ‘स्वामित्व योजना’ और ‘मेरा घर, मेरे नाम’ अभियान के तहत लाल लकीर के भीतर रहने वाले परिवारों को उनके घरों का कानूनी मालिकाना हक दिया जा रहा है। इसी कड़ी में भोआ विधानसभा क्षेत्र के खोजकी चक्क गांव में आयोजित कार्यक्रम में पांच गांवों के 218 परिवारों को उनके घरों की मालिकाना रजिस्ट्री सौंपी गई।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक्क ने कहा कि यह केवल रजिस्ट्री वितरण नहीं, बल्कि वर्षों से अपने घरों में रह रहे परिवारों को कानूनी पहचान और अधिकार देने की ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने बताया कि अब इन परिवारों को अपनी संपत्ति पर पूरा कानूनी अधिकार मिल गया है।
मंत्री ने लोगों और पंचायत प्रतिनिधियों से अपील की कि राजस्व विभाग की सर्वे टीमों का पूरा सहयोग करें, ताकि कोई भी पात्र परिवार इस योजना के लाभ से वंचित न रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी 218 परिवारों को उनके नए मालिकाना अधिकार मिलने पर बधाई दी गई।













