Home Hindi आयरलैंड दौरे पर संजू सैमसन के पास इतिहास रचने का मौका, रोहित...

आयरलैंड दौरे पर संजू सैमसन के पास इतिहास रचने का मौका, रोहित शर्मा का बड़ा रिकॉर्ड खतरे में

नई दिल्ली, 24 जून 2026 Fact Recorder

Sports Desk:  भारत और आयरलैंड के बीच 26 जून से शुरू होने वाली टी20 सीरीज में विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन के पास एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम करने का मौका होगा। अगर वह इस सीरीज में अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो भारत-आयरलैंड टी20 मुकाबलों में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में रोहित शर्मा को पीछे छोड़ सकते हैं।

फिलहाल भारत और आयरलैंड के बीच टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम है। उन्होंने चार मैचों में 201 रन बनाए हैं, जिसमें तीन अर्धशतक शामिल हैं। टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके रोहित अब इस रिकॉर्ड को आगे नहीं बढ़ा सकते।

मौजूदा खिलाड़ियों में आयरलैंड के हैरी टेक्टर और भारत के संजू सैमसन ही ऐसे बल्लेबाज हैं, जो इस रिकॉर्ड को चुनौती देने की स्थिति में हैं। हालांकि आंकड़ों पर नजर डालें तो संजू सैमसन इस दौड़ में सबसे आगे दिखाई देते हैं।

संजू ने आयरलैंड के खिलाफ खेले गए तीन टी20 मैचों में 118 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 59.00 और स्ट्राइक रेट 171.01 रहा है। वहीं हैरी टेक्टर ने भारत के खिलाफ पांच मैचों में 123 रन बनाए हैं, उनका औसत 30.75 और स्ट्राइक रेट 123 रहा है।

आंकड़े बताते हैं कि संजू सैमसन का प्रदर्शन आयरलैंड के खिलाफ काफी प्रभावशाली रहा है और दो मैचों की आगामी सीरीज में उनके पास रोहित शर्मा के रिकॉर्ड को तोड़कर शीर्ष स्थान हासिल करने का सुनहरा अवसर है।

मौजूदा भारतीय टीम में संजू सैमसन ही ऐसे बल्लेबाज हैं, जिन्होंने भारत-आयरलैंड टी20 मुकाबलों में 100 से अधिक रन बनाए हैं। उनके बाद ईशान किशन का नाम आता है, जिन्होंने इस प्रतिद्वंद्विता में अब तक दो मैचों में 29 रन बनाए हैं।