22 june 2026 Fact Recorder
Punjab Desk: पंजाब के Jalandhar में फा*यरिंग की घटनाओं के बीच एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। वेरका मिल्क प्लांट के नजदीक स्थित आर्यन होम्योपैथिक क्लिनिक को देर रात अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ गो*लियां चलाईं। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
घटना में क्लिनिक का शटर क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि अंदर लगे शीशे भी टूट गए। राहत की बात यह रही कि घटना के समय क्लिनिक बंद था, जिससे किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ। बताया जा रहा है कि रविवार देर रात बदमाश क्लिनिक के बाहर पहुंचे और फायरिंग कर फरार हो गए।
सुबह खुला घटना का राज
सोमवार सुबह आसपास के दुकानदार जब अपनी दुकानें खोलने पहुंचे तो उन्होंने क्लिनिक के बाहर टूटे हुए कांच और शटर पर गोलियों के निशान देखे। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच के दौरान क्लिनिक को सील कर दिया गया तथा घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए गए।
क्लिनिक के अंदर मिला गोली का हिस्सा
क्लिनिक संचालक डॉ. संदीप शर्मा ने बताया कि शनिवार रात वह और उनके बेटे आर्यन शर्मा रोजाना की तरह क्लिनिक बंद कर घर चले गए थे। सोमवार सुबह जब उनके बेटे ने क्लिनिक खोला तो अंदर का शीशा टूटा हुआ मिला। जांच के दौरान परिसर के अंदर से गोली का एक हिस्सा भी बरामद हुआ, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
डॉ. शर्मा के अनुसार उन्हें कभी कोई धमकी भरा फोन नहीं आया और न ही किसी के साथ उनका कोई विवाद है। ऐसे में फायरिंग के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि हमलावरों की पहचान और वारदात के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
शहर में लगातार सामने आ रही फायरिंग की घटनाओं के बीच इस घटना ने स्थानीय व्यापारियों और क्षेत्र के लोगों की चिंता बढ़ा दी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।













