2 June 2026 Fact Recorder
Politics Desk: पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु समेत पांच राज्यों में सफलतापूर्वक विधानसभा चुनाव संपन्न कराने के लगभग एक महीने बाद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार अपने दो दिवसीय निजी दौरे पर आगरा पहुंचे। अपने गृह नगर आगरा की इस यात्रा के दौरान उन्होंने परिवार से मुलाकात की और माता-पिता का आशीर्वाद प्राप्त किया।
मंगलवार को ज्ञानेश कुमार अपनी पत्नी अनुराधा के साथ आगरा स्थित प्रसिद्ध कैलाश मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पांच राज्यों में सफल चुनाव संपन्न कराने के बाद वह अपनी पत्नी के साथ सबसे पहले माता-पिता का आशीर्वाद लेने आगरा आए और इसके बाद महादेव के दर्शन के लिए कैलाश मंदिर पहुंचे।
मुख्य चुनाव आयुक्त ने देश के मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि सभी पात्र नागरिक अपना वोटर आईडी कार्ड अवश्य बनवाएं और हर चुनाव में मतदान करें। उन्होंने कहा कि एक स्वच्छ, सटीक और त्रुटिरहित मतदाता सूची ही पारदर्शी एवं निष्पक्ष चुनाव की आधारशिला होती है। उन्होंने लोगों से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह किया।
सोमवार को आगरा पहुंचने पर भी ज्ञानेश कुमार ने मतदाता सूची की शुद्धता के महत्व पर जोर देते हुए कहा था कि पारदर्शी मतदान व्यवस्था के लिए सही और अद्यतन वोटर लिस्ट बेहद आवश्यक है। उत्तर प्रदेश में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया पूरी होने के बाद यह उनकी पहली गृह नगर यात्रा है।
केरल कैडर के 1988 बैच के आईएएस अधिकारी रहे ज्ञानेश कुमार ने पिछले वर्ष 19 फरवरी को देश के 26वें मुख्य चुनाव आयुक्त के रूप में कार्यभार संभाला था। चुनाव आयोग में चुनाव आयुक्त के रूप में नियुक्ति के बाद उन्हें मुख्य चुनाव आयुक्त की जिम्मेदारी सौंपी गई। दो दिवसीय दौरे के बाद वह आज दिल्ली लौट जाएंगे।













