28 May 2026 Fact Recorder
Himachal Desk: Shimla स्थित हिमाचल प्रदेश सचिवालय में मुख्यमंत्री कार्यालय को लेकर बड़े स्तर पर पुनर्गठन कार्य शुरू कर दिया गया है। मुख्यमंत्री कार्यालय के नए स्वरूप को तैयार करने के लिए इलर्जली भवन में पुराने सीएम कार्यालय और मुख्य सचिव कार्यालय के कुछ हिस्सों को तोड़कर नया ढांचा तैयार किया जा रहा है।
नई व्यवस्था के तहत मुख्यमंत्री Sukhvinder Singh Sukhu फिलहाल इलर्जली भवन के दूसरे छोर पर स्थित लिफ्ट के पास सीपीएस द्वारा खाली किए गए कार्यालय में बैठेंगे। अगले सप्ताह से अस्थायी कार्यालयों से कामकाज शुरू होने की संभावना है।
सुरक्षा व्यवस्था हुई सख्त
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यालय में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सुरक्षा टीम के जवान तैनात कर दिए गए हैं और प्रवेश द्वार पर आगंतुकों की जांच के लिए मेटल डिटेक्टर लगाए गए हैं। आगंतुकों के बैठने के लिए अलग वेटिंग रूम भी तैयार किया गया है।
इसके अलावा मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान निजी सचिव और स्टाफ के बैठने की व्यवस्था भी नए कार्यालय में की जा रही है।
मुख्य सचिव कार्यालय को लेकर मंथन जारी
फिलहाल मुख्य सचिव और उनके स्टाफ के लिए नई बैठने की व्यवस्था तय नहीं हो पाई है। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से कई विकल्प सुझाए गए हैं, जिन पर विचार चल रहा है।
बुधवार को मुख्यमंत्री सचिवालय नहीं पहुंचे, लेकिन उनका स्टाफ पुराने कार्यालय से सामान्य रूप से काम करता रहा।
कई शाखाएं दूसरी जगह शिफ्ट
सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए सचिवालय की धरातल मंजिल पर स्थित कई शाखा कार्यालयों को दूसरी जगह स्थानांतरित किया गया है। इनमें सामान्य प्रशासन विभाग की शाखा और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संगठन का कार्यालय भी शामिल है।
इसके साथ ही इलर्जली भवन की कैंटीन में कर्मचारियों के आने-जाने के रास्तों में भी बदलाव किया गया है। अब कैंटीन तक पहुंचने के लिए केवल एक ही प्रवेश मार्ग रखा जाएगा।













