Home Himachal पंचायती राज चुनाव–2026: करनेहड़ा व गलमा पंचायतों के प्रथम व द्वितीय चरण...

पंचायती राज चुनाव–2026: करनेहड़ा व गलमा पंचायतों के प्रथम व द्वितीय चरण में 5-5 वार्डों के मतदान केंद्र महिला मतदान कर्मियों के हवाले

मंडी,21 मई 2026 Fact Recorder 
Himachal Desk:  महिला सशक्तिकरण एवं लोकतांत्रिक प्रक्रिया में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ब्लॉक बल्ह में पंचायती राज चुनाव–2026 के अंतर्गत एक अभिनव पहल की जा रही है। इसके तहत पंचायत करनेहड़ा एवं पंचायत गलमा के सभी मतदान केंद्र पूर्णतः महिला मतदान कर्मियों द्वारा संचालित किए जाएंगे।
प्राधिकृत अधिकारी-सह-उपमंडलाधिकारी (ना.) बल्ह समृतिका नेगी ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रथम चरण में 26 मई 2026 को पंचायत करनेहड़ा की 5 वार्डों तथा द्वितीय चरण में 28 मई 2026 को पंचायत गलमा की 5 वार्डों में सभी मतदान केंद्रों पर केवल महिला कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। इन केंद्रों पर प्रीसाइडिंग अधिकारी, पोलिंग अधिकारी तथा अन्य सहयोगी स्टाफ के रूप में महिला कर्मी सेवाएं देंगी।
उन्होंने बताया कि इस पहल का उद्देश्य जमीनी स्तर पर महिला नेतृत्व को प्रोत्साहित करना तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में महिलाओं की प्रभावी सहभागिता सुनिश्चित करना है।
मतदाता जागरूकता एवं आकर्षण के लिए इन पंचायतों में विभिन्न थीम आधारित मॉडल बूथ एवं सेल्फी प्वाइंट भी स्थापित किए जाएंगे। इनमें प्रमुख रूप से नशा मुक्त पंचायत बूथ, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ सेल्फी बूथ, महिला शक्ति बूथ, पर्यावरण सुरक्षित पंचायत बूथ तथा स्वच्छ पंचायत बूथ शामिल रहेंगे।
महिला शक्ति बूथों पर स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से मतदाताओं के लिए निःशुल्क सामान्य स्वास्थ्य जांच सुविधा भी उपलब्ध करवाई जाएगी। इसके अतिरिक्त महिला मतदाताओं एवं मतदान कर्मियों की सुविधा हेतु चयनित वार्डों में क्रेच एवं बाल देखभाल सुविधा स्थापित करने का भी प्रस्ताव है।
एसडीएम बल्ह ने बताया कि संबंधित भवनाध्यक्षों को मतदान केंद्रों पर स्वच्छता, पेयजल, विद्युत, शौचालय, बैठने की व्यवस्था, रैंप तथा अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं। साथ ही संबंधित विद्यालयों से विद्यार्थियों द्वारा तैयार चार्ट, पेंटिंग, स्लोगन एवं जागरूकता सामग्री उपलब्ध करवाने का आग्रह भी किया गया है, ताकि मतदान केंद्रों को आकर्षक एवं जागरूकता आधारित बनाया जा सके।
उन्होंने बताया कि एसएचओ बल्ह को सभी चिन्हित मतदान केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
उन्होंने कहा कि यह पहल महिला सशक्तिकरण, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, नशा मुक्ति एवं सामाजिक जागरूकता जैसे विषयों को लोकतांत्रिक भागीदारी के साथ जोड़ते हुए मतदाताओं को प्रेरित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी।