Home Chandigarh बढ़ती गर्मी को लेकर स्वास्थ्य विभाग की एडवाइजरी जारी, बच्चों और बुजुर्गों...

बढ़ती गर्मी को लेकर स्वास्थ्य विभाग की एडवाइजरी जारी, बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह

19 May 2026 Fact Recorder 

Chandigarh Desk:  बढ़ती गर्मी और हीट वेव के खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है। विभाग ने खासतौर पर बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और बाहर काम करने वाले लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी है।

विभाग के अनुसार लोगों को दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पीना चाहिए, भले ही प्यास महसूस न हो। यात्रा के दौरान अपने साथ पानी रखना जरूरी बताया गया है। साथ ही नींबू पानी, लस्सी, छाछ, जलजीरा, आम पन्ना और नारियल पानी जैसे प्राकृतिक पेय पदार्थों के सेवन की सलाह दी गई है। तरबूज, खरबूजा, खीरा और संतरे जैसे पानी से भरपूर मौसमी फलों को भी भोजन में शामिल करने को कहा गया है।

एडवाइजरी में दोपहर के समय तेज धूप में बाहर निकलने से बचने की अपील की गई है। लोगों को हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने, सिर को टोपी या छाते से ढकने और घर को ठंडा व हवादार रखने की सलाह दी गई है।

स्वास्थ्य विभाग ने चेतावनी दी है कि ज्यादा चाय, कॉफी, शराब और मीठे पेय पदार्थ शरीर में पानी की कमी बढ़ा सकते हैं। इसके अलावा बासी भोजन से बचने और बच्चों या पालतू जानवरों को बंद वाहन में अकेला न छोड़ने की भी अपील की गई है।