12 May 2026, Fact Recorder
Chandigarh Desk: Sunil Jakhar ने पंजाब विजिलेंस ब्यूरो मुख्यालय पर हुई CBI छापेमारी को लेकर बड़ा हमला बोला है। मोहाली स्थित विजिलेंस दफ्तर पर रेड के बाद पंजाब की राजनीति और प्रशासनिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।
जाखड़ ने दावा किया कि कार्रवाई के बाद केवल अधिकारी ही नहीं, बल्कि मंत्री और नेता भी खुद को बचाने के लिए रास्ते तलाश रहे हैं। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा और “सबका हिसाब” होने का समय करीब आ गया है।
सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए जाखड़ ने लिखा कि CBI की कार्रवाई के बाद पूरे सिस्टम में अफरा-तफरी का माहौल है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई लोग अब खुद को बचाने की कोशिशों में जुट गए हैं, लेकिन भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
अधिकारियों को भी दी चेतावनी
इससे पहले सोमवार को प्रेस वार्ता के दौरान भी जाखड़ ने पंजाब पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को चेतावनी दी थी। उन्होंने कहा था कि अधिकारी सरकार के दबाव में आकर कानून से बाहर जाकर काम न करें और अपनी जिम्मेदारी कानून के दायरे में रहकर निभाएं।
जाखड़ ने कहा कि यदि किसी अधिकारी ने सत्ता को खुश करने के लिए गलत कदम उठाए, तो भविष्य में उसका भी हिसाब लिया जाएगा।
ED और CBI कार्रवाई पर भी बोले जाखड़
बीजेपी नेता ने यह भी कहा कि पंजाब में भ्रष्टाचार के खिलाफ ED की कार्रवाई जारी है और यह रुकने वाली नहीं है। उन्होंने दावा किया कि जरूरत पड़ने पर CBI की कार्रवाई भी आगे बढ़ेगी।
जाखड़ ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि ED की रेड के बाद AAP सरकार “गुंडागर्दी वाली राजनीति” कर रही है, लेकिन अब जनता सब देख रही है और आने वाले समय में जनता ही जवाब देगी।











