12 May 2026 Fact Recorder
Lifestyle Desk: आजकल फिटनेस और हेल्दी लाइफस्टाइल को लेकर लोगों में जागरूकता तेजी से बढ़ रही है. खराब खानपान, कम फिजिकल एक्टिविटी और अनियमित दिनचर्या की वजह से शरीर में अतिरिक्त चर्बी जमा होने लगती है. ऐसे में फैट लॉस करना कई लोगों के लिए चुनौती बन जाता है.
हालांकि, कई बार लोग मेहनत करने के बावजूद तुरंत रिजल्ट न मिलने से निराश हो जाते हैं. फैट लॉस को लेकर लोगों के बीच कई गलतफहमियां भी मौजूद हैं. दरअसल, फैट लॉस का मतलब सिर्फ वजन कम करना नहीं, बल्कि शरीर से अतिरिक्त चर्बी को स्वस्थ तरीके से घटाना होता है. इसके लिए संतुलित डाइट, नियमित एक्सरसाइज, अच्छी नींद और हेल्दी रूटीन बेहद जरूरी माने जाते हैं.
न्यूट्रिशनिस्ट Nmami Agarwal ने हाल ही में सोशल मीडिया पर फैट लॉस से जुड़े कुछ अहम फैक्ट्स शेयर किए हैं, जिनके बारे में हर किसी को पता होना चाहिए.
1. फैट लॉस तुरंत दिखाई नहीं देता
कई लोग कुछ दिनों की मेहनत के बाद जब शरीर में बदलाव नहीं देखते, तो हिम्मत हारने लगते हैं. लेकिन शरीर सबसे पहले अंदर जमा फैट को कम करना शुरू करता है. यही वजह है कि शुरुआती दिनों में बदलाव बाहर से नजर आने में समय लग सकता है. इसलिए धैर्य और निरंतरता बेहद जरूरी है.
2. सिर्फ पतला दिखना ही लक्ष्य नहीं होना चाहिए
हेल्दी फैट लॉस का मतलब केवल स्लिम दिखना नहीं है. असली लक्ष्य शरीर को अंदर से स्वस्थ बनाना होना चाहिए. अगर आपकी नींद बेहतर हो रही है, पाचन सही है, शरीर में ऊर्जा बनी रहती है और हार्मोन संतुलित महसूस हो रहे हैं, तो यह भी अच्छे फैट लॉस के संकेत हैं.
3. तेजी से वजन घटना हमेशा अच्छा नहीं होता
बहुत तेजी से वजन कम होना हर बार फैट लॉस नहीं होता. कई बार शरीर का पानी और मसल्स कम होने लगते हैं, जिससे कमजोरी महसूस हो सकती है. जरूरत से ज्यादा कम खाना या क्रैश डाइट अपनाने से मसल लॉस का खतरा बढ़ जाता है. इसलिए धीरे-धीरे और संतुलित तरीके से वजन घटाना ज्यादा सुरक्षित माना जाता है.
हेल्दी फैट लॉस के लिए क्या करें?
- संतुलित और पौष्टिक आहार लें
- रोजाना नियमित एक्सरसाइज करें
- पर्याप्त नींद लें
- ज्यादा देर तक भूखे रहने से बचें
- पानी भरपूर मात्रा में पिएं
- धैर्य रखें और लगातार प्रयास करते रहें
फिट और स्वस्थ शरीर पाने के लिए जल्दबाजी नहीं, बल्कि सही आदतों और निरंतरता की जरूरत होती है।











