12 May 2026 Fact Recorder
Health Desk: स्किन पर तिल होना आम बात है और ज्यादातर मामलों में ये नुकसान नहीं पहुंचाते. कई लोगों के शरीर पर एक या उससे ज्यादा तिल होते हैं, जो पूरी तरह सामान्य माने जाते हैं. लेकिन कुछ स्थितियों में यही तिल गंभीर बीमारी, खासकर स्किन कैंसर, का संकेत भी हो सकते हैं. ऐसे में समय रहते इनके बदलावों को पहचानना जरूरी है.
गाजियाबाद के Max Hospital की डर्मेटोलॉजिस्ट Dr. Soumya Sachdeva के अनुसार, तिल की जांच के लिए ABCD नियम काफी मददगार माना जाता है. इसके जरिए आसानी से पता लगाया जा सकता है कि तिल सामान्य है या डॉक्टर को दिखाने की जरूरत है.
क्या है ABCD नियम?
A – Asymmetry (असमान आकार)
अगर तिल का एक हिस्सा दूसरे हिस्से से अलग दिखे या उसका आकार बराबर न लगे, तो यह चेतावनी का संकेत हो सकता है. सामान्य तिल आमतौर पर गोल और समान आकार के होते हैं.
B – Border (किनारे)
तिल के किनारे अगर धुंधले, टेढ़े-मेढ़े या फैलते हुए नजर आने लगें, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. ऐसे बदलाव होने पर डॉक्टर से जांच करानी चाहिए.
C – Color (रंग में बदलाव)
सामान्य तिल का रंग एक जैसा होता है. लेकिन अगर तिल का रंग काला, लाल, नीला, सफेद या अलग-अलग शेड्स में बदलने लगे, तो यह चिंता की बात हो सकती है.
D – Diameter (आकार)
यदि तिल का आकार 6 मिलीमीटर से बड़ा हो जाए या तेजी से बढ़ने लगे, तो यह स्किन कैंसर का संकेत हो सकता है. ऐसे मामलों में तुरंत विशेषज्ञ की सलाह लेना जरूरी है.
इन लक्षणों को भी नजरअंदाज न करें
- तिल से खून आना
- आसपास दर्द या जलन होना
- मवाद बनना
- तिल का अचानक उभरना या सूजना
किन लोगों को ज्यादा सावधान रहने की जरूरत?
- बहुत फेयर स्किन वाले लोग
- जिनके परिवार में स्किन कैंसर की हिस्ट्री हो
- लंबे समय तक धूप में रहने वाले लोग
- जिनके शरीर पर बहुत ज्यादा तिल हों
अगर तिल में किसी भी तरह का बदलाव दिखाई दे, तो बिना देरी किए स्किन स्पेशलिस्ट से जांच करानी चाहिए. शुरुआती पहचान गंभीर खतरे को टाल सकती है।











