Home Breaking महाकुंभ में ग्रीस की पिनेलोपी और दिल्ली के सिद्धार्थ ने किया विवाह,...

महाकुंभ में ग्रीस की पिनेलोपी और दिल्ली के सिद्धार्थ ने किया विवाह, संत बने बराती; वैदिक रीति से परिणय सूत्र में बंधे

Tue, 28 Jan 2025: Fact Recorder

महाकुंभ नगर। महाकुंभ 2025 में भारतीय और ग्रीक सांस्कृतिक विरासत का एक विशेष संगम देखने को मिला। ग्रीस की पिनेलोपी और भारत के सिद्धार्थ महाकुंभ में वैदिक रीति से परिणय सूत्र में बंधे। सिद्धार्थ का कहना है कि वह अपना विवाह सबसे प्रामाणिक तरीके से करना चाहते थे। इसके लिए उन्होंने वैदिक रीति से विवाह करने का फैसला किया। ग्रीस की रहने वालीं पिनेलोपी योग शिक्षिका हैं।

धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष के प्रदाता तीर्थों के राजा प्रयागराज की रेतीली धरा। कलकल करती अमरतरंगिनी, तरणि-तनुजा और मां वागेश्वरी की अदृश्य धारा। चहुंओर धर्म-अध्यात्म का निरविराम प्रवाह। इसी बीच ग्रीस के एथेंस शहर की पिनेलोपी व नई दिल्ली के वेस्ट पंजाबी बाग के सिद्धार्थ शिव खन्ना ने अपने गृहस्थ जीवन के अध्याय में नए पन्ने जोड़े। इस सुनहरे पन्ने को संत समाज का आशीष मिला।

  1. ग्रीस के एथेंस शहर की रहने वाली पिनेलोपी।
  2. उन्होंने टूरिज्म मैनेजमेंट से स्नातक है किया।
  3. नौ साल पहले दिल्ली के सिद्धार्थ से मिलीं।

गंगा घाट से निकली बरात

सेक्टर 18 हरिश्चंद्र मार्ग स्थित जूना अखाड़े के वरिष्ठ महामंडलेश्वर स्वामी यतींद्रानंद गिरी के शिविर में रविवार को अनुष्ठान की जगह विवाह की तैयारियां चल रही थीं। हर कोई लगन से मगन था। बहुप्रतीक्षित शुभ लग्न में सुबह 10 बजे गंगा घाट से बरात उठी। बैंड-बाजे की धुन पर भगवाधारी बराती नाचते-गाते शिविर की ओर बढ़े। दूल्हा सिद्धार्थ के साथ उनके पिता शिव खन्ना और मां सुनीत खन्ना और बहन-बहनोई, भांजा और खास दोस्तों के अलावा योग छात्र शामिल हुए।