06 May 2026 Fact Recorder
Politics Desk: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकसभा चुनाव 2024 में बीजेपी का हर छठा सांसद “वोट चोरी” के जरिए जीता है। इसके साथ ही उन्होंने हरियाणा की पूरी सरकार को “घुसपैठिया” करार दिया।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि “वोट चोरी से कभी सीटें चुराई जाती हैं, तो कभी पूरी सरकार। लोकसभा में बीजेपी के 240 सांसदों में से मोटे तौर पर हर छठा सांसद वोट चोरी से जीता है। इन्हें पहचानना मुश्किल नहीं है—क्या बीजेपी की अपनी भाषा में इन्हें ‘घुसपैठिया’ कहा जाए? और हरियाणा में तो पूरी सरकार ही घुसपैठिया है।”
उन्होंने आगे आरोप लगाया कि बीजेपी संस्थाओं को अपने नियंत्रण में रखती है और चुनावी प्रक्रिया व मतदाता सूचियों को प्रभावित करती है। राहुल गांधी ने कहा कि यदि निष्पक्ष चुनाव हों, तो बीजेपी 140 सीटों के आसपास भी नहीं जीत पाएगी।
इससे पहले भी राहुल गांधी ने बयान देते हुए कहा था कि असम और बंगाल में जनादेश की “लूट” हो रही है, जो भारतीय लोकतंत्र के लिए खतरा है। उन्होंने विपक्षी दलों से अपील की कि वे छोटी राजनीति से ऊपर उठकर इस मुद्दे को समझें।
वहीं ममता बनर्जी ने भी पश्चिम बंगाल चुनाव परिणामों पर सवाल उठाते हुए बीजेपी पर 100 से ज्यादा सीटें “लूटने” का आरोप लगाया। उन्होंने चुनाव आयोग पर भी निष्पक्षता को लेकर सवाल खड़े किए।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 293 में से 207 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि तृणमूल कांग्रेस 80 सीटों तक सिमट गई। इन नतीजों के बाद राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है।













