30 अप्रैल 2026 Fact Recorder
International Desk: अमेरिका की राजनीति में उस वक्त हलचल मच गई जब सारा जैकब्स ने संसद की बैठक में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मानसिक स्थिति पर सवाल खड़े कर दिए। हाउस आर्म्ड सर्विसेज कमेटी की बैठक के दौरान उन्होंने सीधे रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ से पूछा कि क्या ट्रंप कमांडर-इन-चीफ बनने के लिए मानसिक रूप से सक्षम हैं।
इस सवाल पर बैठक में तीखी बहस छिड़ गई। पीट हेगसेथ ने इसे राष्ट्रपति का अपमान बताते हुए कड़ा विरोध किया और कहा कि ट्रंप एक सक्षम और दूरदर्शी कमांडर-इन-चीफ हैं। उन्होंने पलटवार करते हुए जैकब्स से पूछा कि क्या इसी तरह के सवाल उन्होंने पहले जो बाइडेन से भी किए थे।
जवाब में सारा जैकब्स ने कहा कि मौजूदा हालात में ट्रंप के बयानों और सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर गंभीर चिंताएं हैं। उन्होंने ट्रंप के कुछ पुराने ट्वीट्स और एक AI-जनरेटेड मीम का जिक्र किया, जिसमें उन्हें धार्मिक रूप में दिखाया गया था।
यह पूरा विवाद ऐसे समय सामने आया है जब अमेरिका की विदेश नीति और खासतौर पर ईरान के साथ तनाव को लेकर विपक्ष लगातार सरकार पर हमलावर है। इस मुद्दे पर पहले भी कुछ नेताओं द्वारा ट्रंप की निर्णय क्षमता पर सवाल उठाए जा चुके हैं।
बैठक के दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हुई और माहौल काफी गर्म हो गया। पीट हेगसेथ ने स्पष्ट कहा कि वे राष्ट्रपति के खिलाफ इस तरह की टिप्पणियों को स्वीकार नहीं करेंगे, जबकि सारा जैकब्स अपने सवालों पर कायम रहीं।













