29 अप्रैल 2026 Fact Recorder
National Desk: कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष Rahul Gandhi ने मंगलवार को Great Nicobar Island का दौरा किया। इस दौरान वह भारत के सबसे दक्षिणी छोर Indira Point पहुंचे, जो उनकी दादी और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी से जुड़ा एक ऐतिहासिक स्थान है।
राहुल गांधी ने यहां पहुंचकर इंदिरा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की और सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि 19 फरवरी 1984 को इंदिरा गांधी इसी प्रकाशस्तंभ पर खड़ी थीं और आज तक वह एकमात्र प्रधानमंत्री हैं जिन्होंने इस स्थान का दौरा किया।
करीब 42 साल बाद उसी जगह खड़े होकर राहुल गांधी ने इसे अपने लिए सौभाग्यपूर्ण क्षण बताया। उन्होंने कहा कि निकोबार द्वीप समूह की प्राकृतिक सुंदरता उन्हें बेहद आकर्षित करती है और भारत के सुदूर क्षेत्र भी उतने ही अद्भुत हैं जितना उसका केंद्र।
दौरे के दौरान राहुल गांधी ने निकोबारी समुदाय के नेताओं से भी मुलाकात की। Campbell Bay के राजीव नगर स्थित सामुदायिक भवन में हुई बैठक में स्थानीय लोगों ने केंद्र की ₹92,000 करोड़ की मेगा इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजना को लेकर अपनी चिंताएं साझा कीं। इस पर राहुल गांधी ने कहा कि वह भाषण देने नहीं, बल्कि लोगों की समस्याएं सुनने और उनके लिए आवाज उठाने आए हैं।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि कांग्रेस पार्टी स्थानीय समुदाय के हितों के लिए हर संभव प्रयास करेगी। राहुल गांधी ने यह भी बताया कि निकोबार के प्रतिनिधिमंडल से New Delhi में मुलाकात के दौरान उन्होंने यहां आने का वादा किया था, जिसे अब पूरा किया गया है।
अंडमान-निकोबार यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने Port Blair में कांग्रेस की बैठक में हिस्सा लिया और गांधी नगर क्षेत्र में पूर्व सैनिकों व अन्य परिवारों से भी मुलाकात की। यह दौरा ऐसे समय में हुआ है जब ग्रेट निकोबार परियोजना को लेकर स्थानीय समुदाय और सरकार के बीच मतभेद बढ़ते जा रहे हैं।













