22 अप्रैल 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Lifestyle Desk: हर साल 22 अप्रैल को मनाया जाने वाला World Earth Day लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का संदेश देता है। अगर बचपन से ही बच्चों में प्रकृति के प्रति लगाव पैदा किया जाए, तो वे बड़े होकर धरती को सुरक्षित रखने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। इस मौके पर आप बच्चों को कुछ ऐसी क्रिएटिव गतिविधियों में शामिल कर सकते हैं, जिनसे उन्हें खेल-खेल में पर्यावरण की अहमियत समझ आए।
- बच्चों से पौधे लगवाएं
बच्चों को छोटे गमलों में बीज या पौधे लगाने दें। फिर रोज उन्हें पानी देने और उनकी देखभाल करने की जिम्मेदारी दें। इससे वे पौधों का महत्व और उनका जीवन चक्र समझेंगे। साथ ही उन्हें यह भी महसूस होगा कि पेड़-पौधे हमारी धरती के लिए कितने जरूरी हैं। - पृथ्वी दिवस पर पेंटिंग बनवाएं
बच्चों को धरती, पेड़, नदियां, जानवर या प्रदूषण जैसे विषयों पर पेंटिंग बनाने के लिए कहें। इससे उनकी रचनात्मकता भी बढ़ेगी और वे समझ पाएंगे कि पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाली चीजें कौन-कौन सी हैं। - नेचर वॉक पर लेकर जाएं
बच्चों को किसी पार्क, बगीचे या हरियाली वाली जगह पर ले जाएं। वहां उन्हें पेड़-पौधों, पक्षियों और जानवरों के बारे में बताएं। अगर संभव हो तो उन्हें किसी ऐसे संग्रहालय या प्राकृतिक केंद्र में भी ले जाएं, जहां जलवायु परिवर्तन और विलुप्त हो रहे जीवों के बारे में जानकारी मिलती हो। - कहानी और स्पीच के जरिए सिखाएं
बच्चों को पर्यावरण से जुड़ी छोटी कहानियां सुनाएं। आप उनसे “धरती को कैसे बचाएं” विषय पर छोटी स्पीच तैयार करने के लिए भी कह सकते हैं। जब वे परिवार के सामने बोलें, तो उनकी तारीफ जरूर करें। इससे उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा और पर्यावरण के प्रति समझ भी विकसित होगी। - “5 चीजें खोजो” वाला खेल खिलाएं
बच्चों को पार्क या बगीचे में ले जाकर 5 मिनट के भीतर 5 अलग-अलग प्राकृतिक चीजें खोजने को कहें, जैसे पत्ता, फूल, पत्थर, सूखी टहनी या पंख। इसके बाद उनसे उन चीजों को जोड़कर एक छोटी कहानी बनाने को कहें। यह एक्टिविटी बच्चों की सोचने और समझने की क्षमता को बढ़ाती है।
छोटी-छोटी आदतें, जैसे पानी बचाना, बिजली कम इस्तेमाल करना, प्लास्टिक से दूरी बनाना और ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाना, बच्चों को शुरू से सिखाई जाएं तो वे आगे चलकर पर्यावरण के जिम्मेदार नागरिक बन सकते हैं।













