दूसरे दौर की बातचीत पर अटका मामला, ईरान को मनाने में जुटा पाकिस्तान

20 अप्रैल 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

International Desk:  शहबाज शरीफ ने रविवार को मसूद पेजेशकियान से करीब 45 मिनट तक फोन पर बात की। दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय तनाव और अमेरिका-ईरान वार्ता पर चर्चा की। पाकिस्तान ने ईरान को दूसरे दौर की बातचीत में शामिल होने के लिए मनाने की कोशिश तेज कर दी है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल सोमवार को इस्लामाबाद पहुंचेगा। हालांकि ईरान ने अभी तक इसमें शामिल होने की पुष्टि नहीं की है। ईरान की सरकारी एजेंसी IRNA ने इस्लामाबाद में दूसरे दौर की वार्ता की खबरों को “मीडिया गेम” बताया है।

ईरान ने साफ कर दिया है कि वह तब तक बातचीत की मेज पर नहीं आएगा, जब तक अमेरिका उसकी बंदरगाहों पर लगी नौसैनिक नाकेबंदी नहीं हटाता। तेहरान का कहना है कि अमेरिकी “अत्यधिक और अवास्तविक मांगें”, बार-बार बदला रुख और जारी नाकेबंदी ही वार्ता में सबसे बड़ी रुकावट हैं।

इस बीच इस्लामाबाद में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। कई बड़े होटलों में बुकिंग रोक दी गई है और रेड ज़ोन के आसपास सड़कें बंद कर दी गई हैं। इससे संकेत मिल रहे हैं कि पाकिस्तान अभी भी वार्ता की संभावना बनाए रखना चाहता है, भले ही ईरान ने सार्वजनिक रूप से हामी न भरी हो।

11-12 अप्रैल को इस्लामाबाद में हुई पहली सीधी अमेरिका-ईरान वार्ता बिना किसी समझौते के खत्म हुई थी। अब 22 अप्रैल को समाप्त हो रहे युद्धविराम से पहले दोनों देशों के बीच नया रास्ता निकालने की कोशिश हो रही है। अगर अगले दो दिनों में कोई प्रगति नहीं होती, तो क्षेत्र में तनाव फिर बढ़ सकता है।