तेल पर रोक हुई तो दुनिया चुकाएगी कीमत: ईरान की अमेरिका को खुली चेतावनी

20 अप्रैल 2026 फैक्ट रिकॉर्डर 

Business Desk:  मोहम्मद रजा आरिफ ने अमेरिका और उसके सहयोगियों को चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर ईरान के तेल निर्यात पर दबाव जारी रहा, तो पूरी दुनिया को इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि “ईरानी तेल पर रोक लगाकर कोई भी बाकी देशों के लिए मुफ्त सुरक्षा की उम्मीद नहीं कर सकता।”

मोहम्मद रजा आरिफ ने सोशल मीडिया पर लिखा कि दुनिया के सामने केवल दो विकल्प हैं—या तो सभी देशों के लिए खुला तेल बाजार हो, या फिर सभी को बढ़ती कीमतों और ऊर्जा संकट का सामना करना पड़े। उन्होंने यह भी कहा कि वैश्विक ईंधन कीमतें तभी स्थिर हो सकती हैं, जब ईरान और उसके सहयोगियों पर आर्थिक और सैन्य दबाव खत्म किया जाए।

ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव का सीधा असर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर पड़ा है। यह समुद्री रास्ता दुनिया की ऊर्जा आपूर्ति के लिए बेहद अहम माना जाता है। टैंकरों की आवाजाही बाधित होने से कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल आया है।

अमेरिकी क्रूड ऑयल की कीमत 6.4 प्रतिशत बढ़कर 87.88 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गई, जबकि अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 6.5 प्रतिशत बढ़कर 96.25 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। कुछ रिपोर्टों में ब्रेंट की कीमत 96.85 डॉलर प्रति बैरल तक जाने की बात कही गई है।

अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी के बाद तनाव और बढ़ गया है। अमेरिका ने 13 अप्रैल से ईरान के बंदरगाहों और तेल आपूर्ति मार्गों पर दबाव बढ़ाया है, जबकि डोनाल्ड ट्रंप ने साफ कहा है कि ईरान के खिलाफ नाकेबंदी तब तक जारी रहेगी, जब तक कोई व्यापक समझौता नहीं हो जाता।

ईरान ने पहले कहा था कि वह होर्मुज मार्ग को फिर से खोल देगा, लेकिन बाद में अपना फैसला वापस ले लिया। इसके बाद उसने संकेत दिया कि यदि उसके तेल निर्यात पर पाबंदियां बनी रहीं, तो वह समुद्री मार्ग की सुरक्षा की गारंटी नहीं देगा।