Himachal Desk: जिला स्तरीय किसान मेला पधर का शनिवार को विधिवत समापन हो गया। समापन समारोह में नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक तथा औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। वे जल शक्ति विश्राम गृह डलाह में समस्त देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना के बाद निकली भव्य जलेब में शामिल हुए। इसके बाद मेला मैदान पधर में मेले का झंडा उतारकर इसका विधिवत समापन किया। साथ ही उन्होंने आईटीआई पधर में लगभग 6 करोड़ से बने प्रशासनिक भवन का उद्घाटन किया ।
इस अवसर पर मंत्री राजेश धर्माणी ने समस्त क्षेत्र व प्रदेशवासियों को जिला स्तरीय किसान मेला पधर की बधाई देते हुए कहा कि मेले व त्यौहार हमारी पुरातन संस्कृति और जीवन शैली के आधार हैं। इन लोक उत्सवों व मेलों के आयोजन से लोक संस्कृति के संरक्षण व संवर्द्धन को बल मिलता है तथा नई ऊर्जा, नए उल्लास, नई उमंग और नए उत्साह का संचार भी होता है। उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय किसान मेला पधर हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का एक अहम हिस्सा है l इन मेलों के आयोजन से न केवल आपसी भाईचारे की भावना को बल मिलता है बल्कि इस तरह के आयोजन सांप्रदायिक सद्भाव को सुदृढ़ बनाने तथा सांस्कृतिक विरासत को सहेजने में भी अहम योगदान देते हैं।
इससे पहले पूर्व मंत्री ठाकुर कौल सिंह ने मंत्री राजेश धर्माणी का स्वागत किया और ठाकुर कौल सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार लोगों के हित में कार्य कर रही है ।













