16 अप्रैल, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Himachal Desk: हिमाचल दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री Sukhvinder Singh Sukhu ने महिलाओं के लिए बड़ी घोषणा की है। किन्नौर जिले की बीपीएल महिलाओं को अब इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना के तहत 1500 रुपये प्रतिमाह दिए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वित्तीय वर्ष में बीपीएल परिवारों की एक लाख महिलाओं को इस योजना के तहत जोड़ा जाएगा। फिलहाल प्रदेश में 35 हजार से अधिक महिलाएं इस योजना का लाभ ले रही हैं।
सबसे ज्यादा लाभार्थी ऊना जिले में हैं, जहां 7280 महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये मिल रहे हैं। इसके अलावा सिरमौर में 4128, बिलासपुर में 3254, मंडी में 3187 और कांगड़ा में 2233 महिलाओं को इस योजना का लाभ मिल रहा है।
सरकार ने हिमाचल दिवस पर ग्रुप-ए और ग्रुप-बी अधिकारियों को भी कुछ राहत दी है। छह महीने तक वेतन में की जा रही 3 प्रतिशत अस्थायी कटौती को अब रोकने का फैसला लिया गया है। हालांकि मंत्रियों, विधायकों और वरिष्ठ अधिकारियों के वेतन में 20 से 30 प्रतिशत तक की कटौती जारी रहेगी।
दूसरी ओर, राज्य के कर्मचारियों और पेंशनरों को इस बार भी निराशा हाथ लगी। वे महंगाई भत्ते (DA) की घोषणा की उम्मीद लगाए बैठे थे, लेकिन मुख्यमंत्री के भाषण में इसका कोई जिक्र नहीं हुआ। इससे कर्मचारियों और पेंशनरों में नाराजगी देखी जा रही है।










