16 अप्रैल, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Business Desk: RailTel Corporation of India के शेयरों में लगातार दूसरे दिन जोरदार तेजी देखने को मिली। गुरुवार को कंपनी का शेयर करीब 5% चढ़कर 354 रुपये के इंट्राडे हाई तक पहुंच गया। सिर्फ दो दिनों में स्टॉक लगभग 25% उछल चुका है, जिससे निवेशकों को बड़ा फायदा हुआ।
इस तेजी की सबसे बड़ी वजह कंपनी को मिला नया 100 करोड़ रुपये का ऑर्डर है। इस प्रोजेक्ट के तहत छोटे खनिजों की निगरानी के लिए IT सिस्टम तैयार किया जाएगा और अगले 5 वर्षों तक उसका रखरखाव किया जाएगा। इससे निवेशकों का भरोसा कंपनी पर और मजबूत हुआ है।
इससे पहले कंपनी को करीब 608 करोड़ रुपये के बड़े ऑर्डर भी मिले थे। इनमें दो बड़े प्रोजेक्ट Rail Vikas Nigam Limited से मिले हैं। पहला प्रोजेक्ट 309.27 करोड़ रुपये का है, जिसमें टनल T-1 से T-7 तक कम्युनिकेशन सिस्टम लगाया जाएगा। दूसरा प्रोजेक्ट 255.27 करोड़ रुपये का है, जिसमें T-8 से T-11 तक और चार रेलवे स्टेशनों पर सिस्टम लगाए जाएंगे। इन प्रोजेक्ट्स में CCTV, पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम और इमरजेंसी कॉल जैसी सुविधाएं शामिल होंगी। दोनों प्रोजेक्ट अप्रैल 2028 तक पूरे होने हैं।
कंपनी को इसके अलावा उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड से भी 43.96 करोड़ रुपये का काम मिला है। इसके तहत भर्ती परीक्षाओं के दौरान सुरक्षा से जुड़ी सेवाएं दी जाएंगी।
RailTel Corporation of India का शेयर भले ही इस साल अब तक करीब 7% नीचे है, लेकिन पिछले एक महीने में इसमें लगभग 30% की तेजी आ चुकी है। नए ऑर्डर मिलने के बाद बाजार में यह रेलवे शेयर एक बार फिर निवेशकों की पसंद बन गया है।













