13 अप्रैल, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Bollywood Desk: मशहूर पंजाबी गायक Babbu Maan एक बार फिर अपने बयान को लेकर सुर्खियों में हैं। स्पेन के Barcelona में आयोजित एक लाइव शो के दौरान उन्होंने पॉडकास्टर्स और कुछ पत्रकारों पर तीखी टिप्पणी की, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
परफॉर्मेंस के दौरान गायक ने आरोप लगाया कि कई पॉडकास्टर्स उनके नाम का इस्तेमाल कर अपनी लोकप्रियता बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं। इस पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने कड़े शब्दों का प्रयोग किया और ऐसे लोगों की आलोचना की।
करीब 50 सेकंड के इस वायरल वीडियो में उनका गुस्सा साफ नजर आता है। उन्होंने मंच से यह भी कहा कि अगर किसी को उनसे कोई शिकायत है, तो सीधे सामने आकर बात करनी चाहिए, न कि पीछे से बयानबाजी करनी चाहिए।
इस मौके पर उन्होंने कुछ पत्रकारों पर भी सवाल उठाए और आरोप लगाया कि बिना पूरी जानकारी के खबरें पेश की जाती हैं, जिससे भ्रम की स्थिति पैदा होती है।
उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। जहां एक तरफ उनके समर्थक इसे उनका बेबाक अंदाज बता रहे हैं, वहीं दूसरी ओर डिजिटल मीडिया से जुड़े कई लोग इसे अनुचित और आपत्तिजनक मान रहे हैं।













