07 अप्रैल, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
International Desk: ईरान और संयुक्त राज्य अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के बीच अचानक पाकिस्तान का मध्यस्थ के रूप में सामने आना अब कई सवाल खड़े कर रहा है। शुरुआत में इसे क्षेत्रीय स्थिरता, सुरक्षा और ऊर्जा हितों से जुड़ा सामान्य कूटनीतिक कदम माना गया, लेकिन अब सामने आ रही जानकारियां इस पूरी प्रक्रिया को ‘डील डिप्लोमेसी’ यानी आर्थिक सौदेबाजी से जुड़ी रणनीति के रूप में दिखा रही हैं।
बताया जा रहा है कि पाकिस्तान ने दोनों देशों के बीच बैक-चैनल संवाद स्थापित करने में भूमिका निभाई और खुद को एक ऐसे मंच के रूप में पेश किया, जहां से संदेशों का आदान-प्रदान और संभावित संघर्षविराम की दिशा तय हो सके। हालांकि, यह स्थिति इसलिए भी चौंकाने वाली है क्योंकि हाल ही में ईरान और पाकिस्तान के बीच सीमित तनाव देखने को मिला था।
इस पूरे घटनाक्रम का एक अहम पहलू Roosevelt Hotel से जुड़ा है, जो पाकिस्तान की सरकारी संपत्ति है। न्यूयॉर्क में इस होटल के पुनर्विकास को लेकर चल रही बातचीत में अमेरिकी कारोबारी और डोनाल्ड ट्रंप के करीबी माने जाने वाले स्टीव विटकॉफ की भूमिका सामने आई है। माना जा रहा है कि इस आर्थिक डील के जरिए पाकिस्तान को अंतरराष्ट्रीय कूटनीति में अपनी भूमिका मजबूत करने का अवसर मिला।
इसके अलावा, जारेड कुशनर जैसे नामों के जरिए निजी नेटवर्क भी इस प्रक्रिया में सक्रिय बताए जा रहे हैं। विश्लेषकों का मानना है कि पारंपरिक कूटनीति के साथ-साथ अब निजी कारोबारी संबंध भी वैश्विक राजनीति में अहम भूमिका निभा रहे हैं, जहां निवेश और रियल एस्टेट सौदों के बदले रणनीतिक पहुंच बनाई जाती है।
इस पूरी रणनीति में पाकिस्तान के सेना प्रमुख असीम मुनीर की सक्रियता भी चर्चा में है। माना जा रहा है कि अमेरिका के साथ बैक-चैनल संपर्क स्थापित करने में सैन्य नेतृत्व की अहम भूमिका रही है, जिससे यह साफ होता है कि यह केवल कूटनीति नहीं, बल्कि आर्थिक हितों और रणनीतिक पहुंच का एक मिला-जुला खेल है।













