Home Haryana हरियाणा विधानसभा में सदन सदस्यों ने दिवंगतों को दी श्रद्धांजलि

हरियाणा विधानसभा में सदन सदस्यों ने दिवंगतों को दी श्रद्धांजलि

 चंडीगढ़, 16 मार्च 2026 Fact Recorder

Haryana Desk: हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को हरियाणा विधानसभा में चल रहे बजट सत्र के दौरान सदन में शोक प्रस्ताव पढ़ते हुए हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष श्री हरविंद्र कल्याण की माता श्रीमती प्रेम कौर कल्याण के निधन तथा गुरुग्राम में एक कंस्ट्रक्शन साइट पर हुए हादसे में 7 लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने शोक-संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीमती प्रेम कौर कल्याण का 13 मार्च, 2026 को हुआ निधन अत्यंत दुःखद है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और संबल प्रदान करने की कामना की।

मुख्यमंत्री ने 9 मार्च को गुरुग्राम में एक कंस्ट्रक्शन साइट पर मिट्टी के नीचे दबने से 7 लोगों की हुई दुःखद एवं असामयिक मृत्यु पर भी गहरा दुःख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत पीड़ादायक घटना है और इस हादसे में दिवंगतों के परिवारों के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं। इसके अलावा जींद जिले के सफीदों क्षेत्र में हुए हादसे में महिला श्रमिकों की मृत्यु पर भी गहरा दुःख व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इस दुःख की घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।

हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष डॉ कृष्ण लाल मिड्ढा ने भी दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक व्यक्त किया। नेता प्रतिपक्ष श्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने अपनी पार्टी की ओर से दिवंगतों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।इसके पश्चात सदन के सदस्यों ने दिवंगत आत्माओं की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।