07 मार्च 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Lifestyle Desk: गर्मी का मौसम शुरू होते ही शरीर को हाइड्रेट रखना बेहद जरूरी हो जाता है। तेज धूप और पसीने की वजह से शरीर से पानी के साथ-साथ कई जरूरी मिनरल्स भी बाहर निकल जाते हैं, जिससे थकान, चक्कर और सिरदर्द जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इसलिए विशेषज्ञ पर्याप्त पानी पीने की सलाह देते हैं।
सेलिब्रिटी न्यूट्रिशनिस्ट Shweta Shah के मुताबिक गर्मियों में सिर्फ पानी पीना ही काफी नहीं होता। शरीर को अंदर से ठंडा और हाइड्रेट रखने के लिए कुछ प्राकृतिक चीजों को भी डेली रूटीन में शामिल करना चाहिए। इसके लिए घर पर ही एक आसान आयुर्वेदिक समर किट तैयार की जा सकती है।
सुबह की शुरुआत हर्बल काढ़े से
गर्मियों में सुबह खाली पेट हर्बल काढ़ा पीना फायदेमंद माना जाता है। इसे बनाने के लिए सौंफ, धनिया के बीज और पुदीने को पानी में उबालें। रंग बदलने पर इसे छानकर गुनगुना पिएं। यह शरीर को ठंडक देता है और पाचन तंत्र को भी बेहतर बनाता है।
खस वाला पानी पिएं
समर किट में खस (वेटिवर) का पानी भी शामिल किया जा सकता है। एक लीटर पानी में खस की जड़ें डालकर कुछ घंटों के लिए छोड़ दें और फिर इसे पूरे दिन थोड़ा-थोड़ा पीते रहें। यह शरीर को नेचुरली ठंडा रखने और हाइड्रेशन बनाए रखने में मदद करता है।
कूलिंग नाभि पैक
गर्मी में कई लोगों को पेट में जलन की समस्या होती है। इससे राहत के लिए चंदन पाउडर, एलोवेरा जेल, गुलाब पाउडर और थोड़ा सा घी मिलाकर पेस्ट बनाएं। इसे नाभि के आसपास 15-20 मिनट तक लगाने से ठंडक मिल सकती है और जलन कम होती है।
डाइट में क्या रखें
गर्मियों में हल्का भोजन लेना बेहतर माना जाता है। कम तेल और कम मसाले वाले फूड्स खाएं और तरल पदार्थ जैसे छाछ, नारियल पानी और मौसमी फलों को डाइट में शामिल करें।
विशेषज्ञों के अनुसार इस तरह की प्राकृतिक समर किट अपनाकर शरीर को ठंडा, ऊर्जावान और हाइड्रेट रखा जा सकता है।













