24 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Health Desk: फल सेहत के लिए बेहद फायदेमंद माने जाते हैं और रोज़ाना डाइट में इन्हें शामिल करने की सलाह दी जाती है। लेकिन फलों को खाने का सही समय और तरीका न पता हो, तो यही फल फायदे की जगह नुकसान भी कर सकते हैं। खासतौर पर सुबह खाली पेट हर तरह के फल खाना सही नहीं माना जाता।
दिल्ली के गुरु तेग बहादुर अस्पताल में कार्यरत डायटिशियन डॉ. अनामिका गौर के मुताबिक, सुबह खाली पेट फल खाए जा सकते हैं, लेकिन कुछ फलों से इस समय परहेज करना चाहिए। खाली पेट कुछ फलों का सेवन करने से एसिडिटी, गैस और पाचन संबंधी समस्याएं हो सकती हैं, खासकर उन लोगों में जिन्हें पहले से गैस्ट्रिक परेशानी रहती है।
सुबह खाली पेट कौन से फल न खाएं?
खट्टे फल
संतरा, नींबू जैसे खट्टे फलों में सिट्रिक एसिड की मात्रा अधिक होती है। खाली पेट इन्हें खाने से पेट में एसिड बढ़ सकता है, जिससे गैस, अपच और एसिडिटी की समस्या हो सकती है।
केला
केले में भरपूर एनर्जी होती है, लेकिन इसे खाली पेट खाना ठीक नहीं। इसमें मौजूद मैग्नीशियम और प्राकृतिक शुगर खाली पेट शरीर में असंतुलन पैदा कर सकते हैं और ब्लड शुगर तेजी से बढ़ सकता है।
आम
आम में शुगर की मात्रा ज्यादा होती है। खाली पेट आम खाने से ब्लड शुगर तेजी से बढ़ सकता है, इसलिए डायबिटीज के मरीजों को खासतौर पर इससे बचना चाहिए।
फल खाने का सही तरीका
सुबह खाली पेट खट्टे फल न खाएं
फलों के साथ दूध पीने से बचें
फलों को अच्छी तरह धोकर ही खाएं
कटे हुए फलों को लंबे समय तक न रखें
डायटिशियन के अनुसार, सही समय और सही तरीके से फल खाने पर ही शरीर को उनका पूरा फायदा मिल पाता है।













