23 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
International Desk: बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने बड़ा और सख्त कदम उठाते हुए पूर्व नेशनल खिलाड़ी व पूर्व सेलेक्टर मंजूरुल इस्लाम पर आजीवन प्रतिबंध लगा दिया है। यह कार्रवाई महिला क्रिकेटर और पूर्व कप्तान जहानारा आलम द्वारा लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोप सही पाए जाने के बाद की गई।
BCB के अनुसार, जांच समिति की रिपोर्ट में मंजूरुल इस्लाम का आचरण पेशेवर मानकों के खिलाफ और यौन उत्पीड़न की श्रेणी में पाया गया। इसके बाद बोर्ड ने उन्हें भविष्य में किसी भी प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष क्रिकेट गतिविधि से पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया है।
2022 महिला विश्व कप के दौरान लगे थे आरोप
जहानारा आलम ने 2022 महिला विश्व कप के दौरान मंजूरुल इस्लाम पर गंभीर आरोप लगाए थे। मामला सामने आने के बाद देशभर में हलचल मच गई, जिसके बाद BCB ने एक स्वतंत्र जांच समिति का गठन किया। समिति ने गहन जांच के बाद आरोपों को सही माना।
बताया गया है कि जांच के दौरान मंजूरुल इस्लाम ने समिति के सामने माफी भी मांगी थी और जहानारा आलम से संपर्क कर मामला सुलझाने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बन सकी।
मानसिक स्वास्थ्य कारणों से क्रिकेट से दूर जहानारा
मानसिक स्वास्थ्य का हवाला देते हुए जहानारा आलम ने फिलहाल क्रिकेट से दूरी बना ली है। उन्होंने दिसंबर 2024 के बाद से बांग्लादेश के लिए कोई मैच नहीं खेला है। जहानारा ने यह भी आरोप लगाया था कि उन्होंने इस मामले की शिकायत BCB के दो अधिकारियों से की थी, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई।
BCB के अन्य फैसले
इसी बीच BCB ने चयन समिति के अध्यक्ष गाजी अशरफ हुसैन का कार्यकाल एक महीने के लिए बढ़ाने का फैसला किया है। साथ ही महिला बांग्लादेश प्रीमियर लीग के पहले सीजन को भी मंजूरी दी गई है, जो 4 अप्रैल से शुरू होकर 14 अप्रैल को फाइनल के साथ खत्म होगा।













