यमुना एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा: स्लीपर बस से उतरकर खड़े यात्रियों को तेज रफ्तार कंटेनर ने कुचला, 6 की मौत

07 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

National Desk:  उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में यमुना एक्सप्रेस-वे पर शनिवार तड़के एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। स्लीपर बस से उतरकर सड़क किनारे खड़े यात्रियों को तेज रफ्तार कंटेनर ने रौं/द दिया। इस दर्दनाक हादसे में 6 लोगों की मौके पर ही मौ/त हो गई, जबकि एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद एक्सप्रेस-वे पर अफरा-तफरी मच गई और लंबा जाम लग गया।

तड़के 2:45 बजे हुआ हादसा

हादसा शनिवार तड़के करीब 2:45 बजे यमुना एक्सप्रेस-वे के माइल स्टोन-88, थाना सुरीर क्षेत्र में हुआ। जानकारी के अनुसार, एक स्लीपर बस दिल्ली के नागलोई से कानपुर देहात के रसूलाबाद जा रही थी। रास्ते में कुछ यात्रियों ने शौच के लिए बस रुकवाने को कहा।

ग्रीन जोन में नहीं रोकी गई बस

आरोप है कि बस चालक ने निर्धारित ग्रीन जोन में बस रोकने की बजाय एक्सप्रेस-वे पर ही बस खड़ी कर दी। बस रुकते ही कुछ यात्री नीचे उतरकर सड़क किनारे खड़े हो गए।

पीछे से आए कंटेनर ने मचाई तबाही

इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक कंटेनर ने पहले खड़ी बस को जोरदार टक्कर मारी और फिर नीचे खड़े यात्रियों को कु/चलते हुए निकल गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि कई यात्रियों ने मौके पर ही द/म तोड़ दिया।

कंटेनर चालक मौके से फरार

हादसे के बाद कंटेनर चालक मौके से फरार हो गया। चीख-पुकार के बीच एक्सप्रेस-वे पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। वहां से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया

सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायल यात्री को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

पीड़िता ने बयां किया दर्द

हादसे में घायल यात्री संतोष की पत्नी संतोषी ने घटना का आंखों देखा हाल सुनाया। उन्होंने बताया,
“मैं अपने पति के साथ दिल्ली से सौरिख जा रही थी। रास्ते में पति टॉयलेट के लिए नीचे उतरे थे। मैं बस में सो रही थी। जब वे काफी देर तक नहीं लौटे तो नीचे उतरी। लोगों ने बताया कि आगे मत जाओ, वहां लोग कुचले पड़े हैं। जाकर देखा तो मेरे पति घायल हालत में थे। उन्होंने आवाज दी कि मैं यहीं पड़ा हूं। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया।”

एसएसपी ने की हादसे की पुष्टि

मथुरा के एसएसपी श्लोक कुमार ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया,
“शनिवार सुबह करीब 3 बजे दुर्घटना की सूचना मिली थी। एक स्लीपर बस दिल्ली से कानपुर जा रही थी। बस रोके जाने के दौरान पीछे से आए कंटेनर ने नीचे उतरे यात्रियों को कुचल दिया। इस हादसे में 6 लोगों की मौ/त हुई है और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है।”

एसएसपी ने कहा कि हादसे में बस और कंटेनर—दोनों चालकों की लापरवाही सामने आई है। मामले की जांच जारी है और फरार कंटेनर चालक की तलाश की जा रही है।

सुरक्षा पर फिर उठे सवाल

इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर यमुना एक्सप्रेस-वे पर यात्रियों की सुरक्षा, तेज रफ्तार और नियमों के उल्लंघन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। थोड़ी सी लापरवाही ने कई परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं।