‘घूसखोर पंडित’ विवाद पर मेकर्स की सफाई, नीरज पांडे बोले– फिल्म पूरी तरह काल्पनिक, प्रचार सामग्री हटाई

06 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Bollywood Desk:  मनोज बाजपेयी स्टारर फिल्म ‘घूसखोर पंडित’ को लेकर मचा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। फिल्म के शीर्षक में ‘पंडित’ शब्द के इस्तेमाल को लेकर देश के कई हिस्सों में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। इसी बीच बढ़ते विवाद और शिकायतों के बाद फिल्म के निर्माता नीरज पांडे ने पूरे मामले पर अपनी चुप्पी तोड़ी है।

नीरज पांडे ने सोशल मीडिया पर एक लंबा बयान जारी करते हुए साफ किया कि उनकी फिल्म पूरी तरह एक काल्पनिक पुलिस ड्रामा है। उन्होंने कहा कि फिल्म में ‘पंडित’ शब्द का इस्तेमाल किसी जाति, धर्म या समुदाय का प्रतिनिधित्व करने के लिए नहीं किया गया है, बल्कि यह केवल एक काल्पनिक किरदार का उपनाम है।

निर्माता ने अपने बयान में कहा,
“यह कहानी एक व्यक्ति के कर्मों और उसके फैसलों पर आधारित है। इसका उद्देश्य किसी समुदाय या वर्ग पर टिप्पणी करना नहीं है। एक फिल्मकार के रूप में मैं हमेशा जिम्मेदारी के साथ कहानियां कहने की कोशिश करता हूं।”

प्रमोशनल सामग्री हटाने का फैसला

विवाद को देखते हुए मेकर्स ने फिलहाल फिल्म की सभी प्रचार सामग्री हटाने का फैसला किया है। नीरज पांडे ने कहा कि फिल्म को उसके पूरे संदर्भ में देखा जाना चाहिए, न कि केवल शीर्षक या ट्रेलर की झलक के आधार पर। उन्होंने यह भी कहा कि दर्शकों की भावनाओं का सम्मान करते हुए यह कदम उठाया गया है।

एफएमसी ने भी भेजा नोटिस

इस मामले में फिल्म निर्माता संघ (FMC) ने भी मेकर्स को नोटिस जारी किया है। एफएमसी का कहना है कि फिल्म के टाइटल के लिए जरूरी अनुमति नहीं ली गई थी। नियमों के तहत बिना स्वीकृति के शीर्षक का इस्तेमाल अनुशासनात्मक कार्रवाई को जन्म दे सकता है।

मनोज बाजपेयी निभा रहे हैं रिश्वतखोर पुलिसवाले का किरदार

रितेश शाह के निर्देशन में बनी इस फिल्म में मनोज बाजपेयी अजय दीक्षित नाम के एक रिश्वतखोर पुलिस अधिकारी की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म में उनके अलावा नुसरत भरूचा, कीकू शारदा, दिव्या दत्ता, साकिब सलीम, श्रद्धा दास और अक्षय ओबेरॉय भी अहम भूमिकाओं में हैं।

फिलहाल मेकर्स का कहना है कि वे जल्द ही फिल्म को दर्शकों के सामने लाने के लिए तैयार हैं, ताकि कहानी को सही संदर्भ में समझा जा सके। 🎬