WPL 2026 फाइनल: हार के आंसुओं में बदली दोस्ती की मुस्कान, मंधाना ने गले लगाकर जेमिमा को दिया हौसला

06 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

स्पोर्ट्स डेस्क: महिला प्रीमियर लीग 2026 का फाइनल सिर्फ रोमांचक क्रिकेट के लिए ही नहीं, बल्कि मैदान पर दिखी एक खूबसूरत दोस्ती के लिए भी याद रखा जाएगा। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) से मिली हार के बाद दिल्ली कैपिटल्स की कप्तान जेमिमा रॉड्रिग्स खुद को संभाल नहीं पाईं और भावुक होकर रोने लगीं। तभी RCB की कप्तान और उनकी करीबी दोस्त स्मृति मंधाना मैदान पर पहुंचीं और ऐसा पल बना, जिसने लाखों दिल जीत लिए।

आरसीबी ने फाइनल मुकाबले में दिल्ली को छह विकेट से हराकर WPL 2026 का खिताब अपने नाम किया। दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में चार विकेट पर 203 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया, लेकिन मंधाना की अगुआई में RCB ने 19.4 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। यह दिल्ली की लगातार चौथी फाइनल हार थी, जिसने जेमिमा को अंदर तक तोड़ दिया।

हार के बाद जेमिमा आंसू पोंछती नजर आईं। तभी स्मृति मंधाना उनके पास पहुंचीं, उन्हें गले लगाया और अपनी ऑरेंज कैप जेमिमा के सिर पर पहनाई। मंधाना ने जेमिमा के गाल पकड़कर उन्हें मुस्कुराने को कहा। कुछ ही पलों में आंसुओं के बीच हंसी लौट आई। यह भावुक और क्यूट लम्हा कैमरे में कैद हो गया और सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

दरअसल, जेमिमा और मंधाना की दोस्ती मैदान से कहीं आगे की है। पिछले कुछ समय में स्मृति मंधाना ने निजी जीवन में कई मुश्किल दौर देखे, उस वक्त जेमिमा हर कदम पर उनके साथ खड़ी रहीं। इसी वजह से फाइनल की हार के बाद जेमिमा को टूटते देख मंधाना खुद को रोक नहीं पाईं।

इस दौरान श्रेयंका पाटिल, अरुंधति रेड्डी और राधा यादव भी जेमिमा के पास पहुंचीं और माहौल हल्का करने की कोशिश की। कुछ ही देर में जेमिमा फिर मुस्कुराती नजर आईं।

जहां एक ओर RCB की जीत का जश्न था, वहीं दूसरी ओर यह पल याद दिला गया कि क्रिकेट सिर्फ जीत-हार का खेल नहीं, बल्कि जज़्बात, दोस्ती और इंसानियत का नाम भी है। 🏏💛