06 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
स्पोर्ट्स डेस्क: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की महिला टीम ने जब वडोदरा में दिल्ली कैपिटल्स को हराकर WPL 2026 का खिताब अपने नाम किया, तो जश्न सिर्फ मैदान तक सीमित नहीं रहा। इस ऐतिहासिक जीत पर टीम इंडिया के दिग्गज बल्लेबाज और RCB के पूर्व कप्तान विराट कोहली का दिल छू लेने वाला संदेश सामने आया, जिसने फैंस का उत्साह और बढ़ा दिया।
विराट कोहली ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया साझा करते हुए RCB महिला टीम, कप्तान स्मृति मंधाना, सपोर्ट स्टाफ और मैनेजमेंट को बधाई दी। उन्होंने लिखा कि यह जीत पूरी तरह डिज़र्व की गई है और टीम ने ऐसा प्रदर्शन किया है, जिस पर हर RCB फैन को गर्व होना चाहिए। कोहली ने खास तौर पर खिलाड़ियों के जज़्बे और निरंतर मेहनत की सराहना की।
कोहली ने अपने संदेश में यह भी कहा कि इस ट्रॉफी का असली हकदार RCB का वफादार फैनबेस है, जो हर उतार-चढ़ाव में टीम के साथ खड़ा रहा। उन्होंने खिलाड़ियों से इस पल को खुलकर जीने और जीत का भरपूर आनंद लेने की अपील की।
मैदान की बात करें तो WPL 2026 का फाइनल बेहद रोमांचक रहा। दिल्ली कैपिटल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में चार विकेट पर 203 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए RCB ने 19.4 ओवर में चार विकेट खोकर मुकाबला जीत लिया और दूसरी बार WPL ट्रॉफी अपने नाम की।
इस जीत के साथ स्मृति मंधाना ने इतिहास रच दिया। वह दो WPL खिताब जीतने वाली दूसरी कप्तान बन गईं। इससे पहले यह उपलब्धि मुंबई इंडियंस की कप्तान हरमनप्रीत कौर के नाम थी।
विराट कोहली का यह भावुक संदेश न सिर्फ RCB महिला टीम के हौसले को और मजबूत करता है, बल्कि उन लाखों फैंस की भावनाओं को भी आवाज देता है, जो सालों से “ई साला कप नम्दु” का सपना देख रहे हैं। 🏆❤️












