05 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Punjab Desk: श्री गुरु रविदास जी महाराज के 649वें पावन प्रकाश पर्व के अवसर पर पंजाब सरकार ने वर्षभर चलने वाले राज्य स्तरीय समारोहों की औपचारिक शुरुआत कर दी है। इस कड़ी में आज तप स्थान श्री खुरालगढ़ साहिब में प्रदेश स्तरीय समागम का शुभारंभ पूर्ण धार्मिक मर्यादा और श्रद्धा के साथ श्री अखंड साहिब जी के पाठ से किया गया। यह समागम 6 फरवरी तक चलेगा और इसी दिन अखंड पाठ के भोग डाले जाएंगे। समागम के समापन अवसर पर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान गुरु चरणों में हाजिरी लगाकर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और भाईचारे की कामना करेंगे।
इस पावन अवसर पर संत समाज की कई प्रमुख हस्तियों की विशेष उपस्थिति रही। संत केवल सिंह, संत निर्मल दास जी जौड़े वाले, संत सतविंदर हीरा, संत दयाल नाथ, संत जगीर सिंह, संत धर्मपाल सहित अनेक संत-महापुरुषों ने समागम की शोभा बढ़ाई।
कार्यक्रम में पंजाब सरकार के कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए। कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा, तरुनप्रीत सिंह सौंद, हरजोत सिंह बैंस, डॉ. रवजोत सिंह और लाल चंद कटारुचक्क, डिप्टी स्पीकर जय कृष्ण रौड़ी, एससी आयोग के चेयरमैन जसवीर सिंह गढ़ी, विधायक डॉ. ईशांक कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने गुरु चरणों में शीश नवाया।
गुरु चरणों में हाजिरी के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि वर्ष 2027 में श्री गुरु रविदास जी महाराज का 650वां प्रकाश पर्व ऐतिहासिक और भव्य स्तर पर मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार ने 649वें प्रकाश पर्व के अवसर पर 4 फरवरी से पूरे वर्ष चलने वाले समागमों की श्रृंखला शुरू की है। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी की शिक्षाएं समानता, सामाजिक समरसता, भाईचारे और मानवता का संदेश देती हैं, जिन्हें जन-जन तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। इसके तहत राज्य के सभी शैक्षणिक संस्थानों में विद्यार्थियों को गुरु जी के जीवन, दर्शन और विचारों से जोड़ा जाएगा।
डिप्टी स्पीकर जय कृष्ण रौड़ी ने श्री खुरालगढ़ साहिब के ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि यहां आयोजित समागम सामाजिक एकता को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाते हैं। वहीं कैबिनेट मंत्री तरुनप्रीत सिंह सौंद ने कहा कि श्री खुरालगढ़ साहिब देशभर के श्रद्धालुओं के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र है और संगत की सुविधा के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।
कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस, डॉ. रवजोत सिंह और लाल चंद कटारुचक्क ने अपने संबोधन में कहा कि गुरु रविदास जी महाराज की शिक्षाएं आज के समय में भी अत्यंत प्रासंगिक हैं और समाज को भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता की सेवा का मार्ग दिखाती हैं।
इस अवसर पर एससी आयोग के चेयरमैन डॉ. जसवीर सिंह गढ़ी और विधायक डॉ. ईशांक कुमार चब्बेवाल ने भी गुरु रविदास जी की शिक्षाओं को सामाजिक न्याय, समानता और समतामूलक समाज की मजबूत नींव बताया।
समागम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने गुरु महाराज जी के चरणों में शीश नवाकर प्रदेश की शांति, खुशहाली और प्रगति की कामना की।













