04 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Bollywood Desk: निर्देशक अनुभव सिन्हा और अभिनेत्री तापसी पन्नू की हिट जोड़ी एक बार फिर दर्शकों के सामने एक गंभीर और प्रभावशाली कहानी लेकर आई है। ‘मुल्क’ और ‘थप्पड़’ के बाद अब उनकी नई फिल्म ‘अस्सी’ का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है, जो रिलीज होते ही चर्चा में आ गया है। करीब 2 मिनट 52 सेकंड के इस ट्रेलर में समाज के सबसे संवेदनशील मुद्दों में से एक—बलात्कार—पर तीखे सवाल उठाए गए हैं।
ट्रेलर की शुरुआत कोर्टरूम सीन से होती है, जहां तापसी पन्नू एक वकील के किरदार में नजर आती हैं। वह अदालत में आंकड़ों के जरिए सिस्टम की खामियों को उजागर करती हैं। इसके बाद कहानी एक महिला के किडनैप और गैंगरेप की भयावह घटना, पुलिस जांच और कोर्ट ट्रायल के इर्द-गिर्द घूमती है। फिल्म एक गंभीर कोर्टरूम ड्रामा है, जो न्याय व्यवस्था और सामाजिक सोच पर सवाल खड़े करती है।
फिल्म में तापसी पन्नू के साथ कानी कुसृति पीड़िता के रोल में दिखाई देंगी। ट्रेलर से साफ है कि अनुभव सिन्हा एक बार फिर अपनी पहचान के मुताबिक सशक्त और सोचने पर मजबूर कर देने वाली कहानी लेकर आए हैं। कई दृश्य ‘पिंक’ और ‘आर्टिकल 15’ जैसी फिल्मों की याद दिलाते हैं।
मजबूत स्टारकास्ट और रिलीज डेट
‘अस्सी’ को अनुभव सिन्हा ने निर्देशित किया है और इसे टी-सीरीज ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म में तापसी पन्नू के अलावा मनोज पाहवा, कुमुद मिश्रा, जीशान अय्यूब, नसीरुद्दीन शाह, सुप्रिया पाठक, सीमा पाहवा, कानी कुसृति और रेवती जैसे दिग्गज कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
यह फिल्म 20 फरवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। अनुभव सिन्हा और तापसी पन्नू की पिछली फिल्मों की सफलता को देखते हुए दर्शकों को ‘अस्सी’ से भी काफी उम्मीदें हैं।













