Parliament Budget Session: संसद परिसर में राहुल गांधी–रवनीत बिट्टू की तीखी नोकझोंक, ‘गद्दार दोस्त’ बनाम ‘देश का दुश्मन’

4 फरवरी 2026 Fact Recorder

Politics Desk: संसद के बजट सत्र के दौरान सियासी माहौल पहले से ही गर्म है। सदन के भीतर हंगामे और विपक्ष के विरोध प्रदर्शन के बीच बुधवार को संसद परिसर में एक और तीखा राजनीतिक टकराव देखने को मिला, जब कांग्रेस नेता राहुल गांधी और भाजपा सांसद व केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू आमने-सामने आ गए।

चीन, अमेरिका और एपस्टीन फाइल्स जैसे मुद्दों को लेकर विपक्ष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को घेरने में जुटा है। हंगामे के चलते लोकसभा के आठ विपक्षी सांसदों के निलंबन के बाद संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन जारी था। इसी प्रदर्शन में शामिल होने राहुल गांधी मकर द्वार के पास पहुंचे थे।

हाथ मिलाने से इनकार, शब्दों की जंग
प्रदर्शन के दौरान जब रवनीत बिट्टू वहां पहुंचे तो उन्होंने विपक्षी सांसदों पर तंज कसते हुए टिप्पणी की। इसके जवाब में राहुल गांधी भी पलटवार करने लगे। इसी दौरान राहुल गांधी ने बिट्टू की ओर हाथ बढ़ाकर अभिवादन करने की कोशिश की, लेकिन बिट्टू ने हाथ मिलाने से इनकार कर दिया।

राहुल गांधी ने इस पर व्यंग्य करते हुए कहा, “हेलो ब्रदर, माय ट्रेटर फ्रेंड” यानी ‘मेरे गद्दार दोस्त’। इस पर रवनीत बिट्टू ने भी तीखी प्रतिक्रिया देते हुए राहुल गांधी को “देश का दुश्मन” कह दिया और वहां से अंदर चले गए।

नारेबाजी से और गरमाया माहौल
इस पूरी घटना के दौरान आसपास मौजूद विपक्षी सांसद ‘सरेंडर, सरेंडर’ के नारे लगाते रहे। संसद परिसर में हुई इस शब्दों की जंग ने बजट सत्र के दौरान जारी राजनीतिक तनाव को और बढ़ा दिया है।

इस घटनाक्रम के बाद एक बार फिर संसद की राजनीति में व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप और तल्ख बयानबाजी चर्चा का विषय बन गई है, जो आने वाले दिनों में सियासी टकराव के और तेज होने के संकेत दे रही है।