03 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
National Desk: केंद्रीय बजट 2026 और ‘विकसित भारत 2047’ के विजन को लेकर राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की संसदीय दल की बैठक आज मंगलवार को आयोजित की जा रही है। इस बैठक में बजट के प्रमुख प्रावधानों, उसके प्रभाव और सरकार की दीर्घकालिक विकास रणनीति पर विस्तार से चर्चा होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बैठक को संबोधित करेंगे।
बैठक में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संसद एनेक्स भवन पहुंचे। इससे पहले बीजेपी सांसद कंगना रनौत और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेता चिराग पासवान भी बैठक में भाग लेने के लिए पहुंचे। बैठक में एनडीए के शीर्ष नेता मौजूद रहेंगे, जिनमें गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, एनडीए के सभी मंत्री और सांसद शामिल हैं।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण बैठक के दौरान एक प्रेजेंटेशन के जरिए यूनियन बजट 2026 की मुख्य विशेषताओं और सरकार की भविष्य की सोच को सामने रखेंगी। इसमें बताया जाएगा कि यह बजट किस तरह 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम है। साथ ही, बजट की उपलब्धियों और फायदों को आम जनता तक प्रभावी तरीके से पहुंचाने के लिए सांसदों को दिशा-निर्देश और रोडमैप भी दिया जाएगा।
गौरतलब है कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने रविवार को लोकसभा में यूनियन बजट 2026 पेश किया था। यह उनका लगातार नौवां बजट था, जो तीन प्रमुख ‘कर्तव्यों’ से प्रेरित रहा—प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाना, जन-आकांक्षाओं को पूरा करना और यह सुनिश्चित करना कि हर परिवार, समुदाय और क्षेत्र को विकास के अवसर और संसाधनों तक समान पहुंच मिले।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बजट की सराहना करते हुए इसे “अपार अवसरों का हाईवे” बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट सुधारों की ‘रिफॉर्म एक्सप्रेस’ को नई ऊर्जा और रफ्तार देगा। पीएम मोदी के मुताबिक, यह बजट वर्तमान के सपनों को साकार करेगा और 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए देश को मजबूत आधार प्रदान करेगा।
प्रधानमंत्री ने इसे ‘युवा शक्ति बजट’ बताते हुए कहा कि यह युवा भारत की सोच, सपनों, संकल्प और ऊर्जा को दर्शाता है। बजट में किए गए प्रावधान सभी क्षेत्रों में लीडर्स, इनोवेटर्स और क्रिएटर्स को आगे बढ़ने के अवसर देंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि मेडिकल हब के विकास, एलाइड हेल्थ प्रोफेशनल्स को प्रोत्साहन, ऑरेंज इकोनॉमी और एवीजीसी सेक्टर को बढ़ावा, पर्यटन विस्तार और खेलो इंडिया मिशन के जरिए युवाओं के लिए नए अवसर खोले गए हैं।













