Home Entertainment टीजर से पहले ‘धुरंधर: द रिवेंज’ का फर्स्ट लुक आउट, रणवीर सिंह...

टीजर से पहले ‘धुरंधर: द रिवेंज’ का फर्स्ट लुक आउट, रणवीर सिंह का इंटेंस अवतार; बोले—अब बिगड़ने का वक्त आ गया है

03 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Bollywood Desk: रणवीर सिंह की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ को लेकर दर्शकों का इंतजार अब और रोमांचक हो गया है। फिल्म के टीजर से पहले मेकर्स ने इसका पहला पोस्टर जारी कर दिया है, जिसे खुद रणवीर सिंह ने सोशल मीडिया पर शेयर किया। पोस्टर सामने आते ही फिल्म को लेकर फैंस की उत्सुकता और बढ़ गई है।

टीजर रिलीज से कुछ घंटे पहले जारी किए गए इस पोस्टर में रणवीर सिंह बेहद इंटेंस और गंभीर अंदाज में नजर आ रहे हैं। लंबे बाल, चेहरे पर सख्त भाव और लाल रंग के बैकग्राउंड में होती बारिश पोस्टर को और दमदार बनाती है। रणवीर इस फिल्म में हमजा अली मजारी के किरदार में दिखाई देंगे। पोस्टर शेयर करते हुए अभिनेता ने कैप्शन में लिखा,
“अब बिगड़ने का वक्त आ गया है।”

पोस्टर के साथ ही फिल्म की रिलीज डेट को लेकर चल रही अटकलों पर भी विराम लग गया है। ‘धुरंधर: द रिवेंज’ 19 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म हिंदी के साथ-साथ तेलुगु, तमिल, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में भी दुनिया भर में प्रदर्शित की जाएगी। अलग-अलग भाषाओं में फिल्म के पोस्टर भी सामने आए हैं।

रणवीर सिंह ने यह भी याद दिलाया कि फिल्म का टीजर आज दोपहर 12:12 बजे रिलीज किया जाएगा। पोस्टर के बाद से सोशल मीडिया पर फैंस टीजर का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

वहीं, फिल्म के सीक्वल ‘धुरंधर 2’ की शूटिंग अभी जारी है। हाल ही में सामने आई बिहाइंड-द-सीन तस्वीरों में अर्जुन रामपाल (मेजर इकबाल) और संजय दत्त (एसपी असलम चौधरी) को तनावपूर्ण हालात में देखा गया, जिससे कहानी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। बताया जा रहा है कि सीक्वल में हमजा के बदले की कहानी और ‘बड़े साहब’ की असली पहचान से पर्दा उठाया जाएगा, साथ ही जसकिरत सिंह रंगी यानी हमजा के अतीत पर भी रोशनी डाली जाएगी।

पहले पोस्टर के सामने आते ही साफ है कि ‘धुरंधर: द रिवेंज’ दर्शकों के लिए एक बार फिर दमदार एक्शन और इमोशन से भरपूर अनुभव लेकर आने वाली है।