30 जनवरी, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Sports Desk: भारतीय क्रिकेट स्टार विराट कोहली के इंस्टाग्राम अकाउंट के अचानक गायब होने से शुक्रवार सुबह सोशल मीडिया पर हड़कंप मच गया। करीब 27 करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स उस वक्त हैरान रह गए, जब कोहली का प्रोफाइल सर्च करने पर ‘प्रोफाइल उपलब्ध नहीं है’ या ‘यूजर नॉट फाउंड’ का मैसेज दिखने लगा। हालांकि, लगभग आठ घंटे बाद विराट कोहली का इंस्टाग्राम अकाउंट फिर से एक्टिव हो गया, जिससे फैंस ने राहत की सांस ली।
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार देर रात करीब एक बजे विराट कोहली का इंस्टाग्राम अकाउंट अचानक नजर आना बंद हो गया था। इसके बाद शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे उनका अकाउंट दोबारा दिखाई देने लगा। अकाउंट लौटने के बाद उनकी सभी पोस्ट्स फिर से दिखने लगीं, जिसमें दुबई प्रमोशन से जुड़ा वह पोस्ट भी शामिल है, जिसमें वह पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ नजर आए थे।
क्या था अकाउंट गायब होने का कारण?
इन आठ घंटों के दौरान सोशल मीडिया पर तरह-तरह के कयास लगाए जाते रहे। कुछ लोगों को लगा कि कोहली ने खुद ही अकाउंट डिएक्टिवेट किया है, तो कुछ ने इसे इंस्टाग्राम की तकनीकी खराबी बताया। कई फैंस ने तो हैकिंग की आशंका भी जताई। हालांकि, अब तक न तो विराट कोहली, न उनकी मैनेजमेंट टीम और न ही इंस्टाग्राम (मेटा) की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान आया है।
भाई का अकाउंट भी हुआ गायब
मामले को और रहस्यमय तब बना दिया, जब इसी दौरान विराट कोहली के भाई विकास कोहली का इंस्टाग्राम अकाउंट भी सर्च में दिखाई नहीं दे रहा था। दोनों अकाउंट्स का एक साथ गायब होना महज संयोग था या इसके पीछे कोई तकनीकी वजह, इस पर अभी भी सवाल बने हुए हैं।
अन्य प्लेटफॉर्म पर रहे एक्टिव
हालांकि इंस्टाग्राम पर अकाउंट गायब था, लेकिन विराट कोहली का एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट इस दौरान पूरी तरह सक्रिय रहा। उन्होंने वहां जनवरी 2026 में भी पोस्ट किए हैं, जिससे यह साफ है कि उन्होंने सोशल मीडिया से पूरी तरह दूरी नहीं बनाई थी।
फैंस के बीच मीम्स और चर्चाएं
विराट कोहली के इंस्टाग्राम से गायब होते ही सोशल मीडिया पर मीम्स की बाढ़ आ गई। कई यूजर्स ने इसे मजाकिया अंदाज में ट्रेंड्स से जोड़ दिया, वहीं कुछ फैंस गंभीर चिंता जताते नजर आए।
शानदार फॉर्म के बीच हुआ घटनाक्रम
इस पूरे घटनाक्रम का समय इसलिए भी चौंकाने वाला रहा, क्योंकि हाल ही में विराट कोहली न्यूजीलैंड के खिलाफ 124 रन की दमदार पारी खेलकर आईसीसी वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में फिर से नंबर-1 बने हैं। करियर के शानदार दौर में सोशल मीडिया से उनका अचानक गायब होना चर्चा का विषय बन गया।
फिलहाल, अकाउंट वापस आ चुका है, लेकिन इसके अचानक गायब होने की असली वजह क्या थी—यह अब भी सस्पेंस बना हुआ है। जब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आता, तब तक यह मामला अटकलों के बीच ही रहेगा।











