बीजेपी के सौरभ जोशी बने चंडीगढ़ के नए मेयर, बिना क्रॉस वोटिंग 18 वोटों से दर्ज की जीत

29 जनवरी, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Chandigarh Desk: चंडीगढ़ नगर निगम को नया मेयर मिल गया है। भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार सौरभ जोशी ने मेयर चुनाव में जीत दर्ज करते हुए एक बार फिर बीजेपी का दबदबा कायम रखा है। सौरभ जोशी को कुल 18 वोट प्राप्त हुए, जिसके साथ वह चंडीगढ़ के 32वें मेयर चुने गए।

मेयर चुनाव में इस बार कोई क्रॉस वोटिंग नहीं हुई। बीजेपी के सभी 18 पार्षदों ने पार्टी उम्मीदवार सौरभ जोशी के पक्ष में मतदान किया। वहीं आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार योगेश ढींगरा को उनकी पार्टी पार्षदों के सभी 11 वोट मिले।

कांग्रेस उम्मीदवार गुरप्रीत सिंह गाबी को भी पार्टी पार्षदों का पूरा समर्थन मिला। इसके साथ ही कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी का एक अतिरिक्त वोट मिलने से गुरप्रीत गाबी को कुल 7 वोट हासिल हुए।

वोटों के आंकड़ों के अनुसार बीजेपी सबसे आगे रही और सौरभ जोशी ने स्पष्ट बहुमत के साथ जीत दर्ज की। मेयर पद पर जीत के बाद बीजेपी खेमे में जश्न का माहौल देखने को मिला, जहां कार्यकर्ताओं ने मिठाइयां बांटकर खुशी जाहिर की।