17 January 2026 Fact Recorder
Chandigarh Desk: चंडीगढ़ में सर्दी की छुट्टियों का दौर अब समाप्त हो गया है। शिक्षा विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि छुट्टियां आगे नहीं बढ़ाई जाएंगी और शहर के सभी स्कूल 19 जनवरी, सोमवार से दोबारा खुलेंगे। इस संबंध में शिक्षा विभाग की ओर से आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है, जिसमें स्कूलों की टाइमिंग को लेकर भी विस्तृत जानकारी दी गई है।
गौरतलब है कि कड़ाके की ठंड और कोहरे को देखते हुए शिक्षा विभाग ने पहले कक्षा पहली से आठवीं तक और नॉन-बोर्ड कक्षाएं 9वीं व 11वीं के लिए 17 जनवरी तक स्कूल बंद रखने का फैसला लिया था। अब हालात में सुधार को देखते हुए नियमित रूप से कक्षाएं शुरू की जा रही हैं।
सिंगल शिफ्ट स्कूलों की टाइमिंग:
चंडीगढ़ के सभी सिंगल शिफ्ट वाले सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों में विद्यार्थियों की कक्षाएं सुबह 9:00 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक चलेंगी। वहीं स्कूल स्टाफ का समय सुबह 8:45 बजे से दोपहर 2:45 बजे तक रहेगा।

डबल शिफ्ट स्कूलों का समय:
डबल शिफ्ट स्कूलों में कक्षा 6वीं और उससे ऊपर की कक्षाएं सुबह 9:00 बजे से दोपहर 1:45 बजे तक संचालित होंगी। इस दौरान स्टाफ का समय सुबह 8:45 बजे से दोपहर 2:45 बजे तक रहेगा।
वहीं कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों की कक्षाएं दोपहर 1:15 बजे से शाम 4:30 बजे तक लगेंगी और इन कक्षाओं के लिए स्टाफ का समय सुबह 10:40 बजे से शाम 4:40 बजे तक निर्धारित किया गया है। यह व्यवस्था 23 जनवरी तक लागू रहेगी।
पहले क्यों बढ़ाई गई थीं छुट्टियां:
शिक्षा विभाग ने इससे पहले 13 जनवरी को तीसरी बार स्कूलों में सर्दी की छुट्टियां बढ़ाकर 17 जनवरी तक कर दी थीं। अत्यधिक ठंड, शीतलहर और घने कोहरे के कारण यह फैसला लिया गया था। इससे पहले भी 9 जनवरी और 13 जनवरी तक छुट्टियां बढ़ाई गई थीं।
हालांकि यह छुट्टियां केवल पहली से आठवीं कक्षा और नॉन-बोर्ड कक्षाओं 9वीं व 11वीं तक सीमित थीं। 10वीं और 12वीं की बोर्ड कक्षाएं लगातार चलती रहीं, क्योंकि बोर्ड परीक्षाएं नजदीक हैं। इन कक्षाओं के लिए समय में बदलाव करते हुए स्कूल सुबह 9:30 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक खोले गए थे।
अब छुट्टियों की मस्ती खत्म हो चुकी है और छात्र-छात्राएं सोमवार से फिर से स्कूल जाने की तैयारी में जुट गए हैं।













